Adani Group के शेयर टूटे तो अरबपतियों की लिस्ट में चौथे स्थान पर लुढ़क गए गौतम अडानी
Gautam Adani Latest News: आर्थिक मंदी की चपेट में आने के संभावित खतरे से सहमे घरेलू शेयर में गिरावट का असर अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी की दौलत पर भी पड़ा है। दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में अब वह दूसरे से चौथे स्थान पर आ गए हैं। फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर लिस्ट में अडानी के ऊपर जेफ बेजोस, बर्नार्ड अर्नाल्ट और एलन मस्क हैं।
भारतीय शेयर बाजारों में गिरावट और अमेरिकी शेयर बाजारों में बुधवार को हुई उछाल से अडानी बिलेनियर लिस्ट में पिछड़ गए। बता दें बुधवार को घरेलू शेयर बाजार का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 509 अंक लुढ़ककर दो माह के निचले स्तर 56598 अंक पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 149 अंक टूटकर 17 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे 16858.60 अंक पर आ गया। जबकि, अमेरिका का प्रमुख संवेदी सूचकांक डाऊ जोंस 1.88 फीसद या 548 अंक ऊपर 29683 के स्तर पर बंद हुआ।
अडानी ग्रुप के शेयर टूटे
बुधवार को अडानी ग्रुप के शेयर अडानी इंटरप्राइजेज, अडानी पोर्ट, अडानी पावर, अडानी विल्मर, अडानी ग्रीन गिरावट के साथ बंद हुए। इससे फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर लिस्ट में अडानी टॉप लूजर रहे। वह ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स अडानी तीसरे स्थान पर पहुंच हैं। बुधवार को टॉप 10 अरबपतियों अडानी ही एक मात्र ऐसे शख्स थे, जिनकी संपत्ति में 1.85 अरब डॉलर की कमी हुई।
गौतम अडानी टॉप लूजर
फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर इंडेक्स में बुधवार को गौतम अडानी टॉप लूजर रहे। उनकी संपत्ति 1.4 अरब डॉलर घटकर 136.5 अरब डॉलर रह गई। जबकि बर्नार्ड अर्नाल्ट (कुल संपत्ति 142.9 अरब डॉलर) की संपत्ति में 2.1 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई और वह फिर दूसरे स्थान पर पहुंच गए। फोर्ब्स की लिस्ट में पहले नंबर पर 263.2 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ एलन मस्क हैं। बुधवार को उन्होंने 3.4 अरब डॉलर कमाए।
‘आप आज सैनिटरी पैड मांग रही हो, कल आप कंडोम मांगोगी – एमडी हरजोत कौर
बिहार महिला विकास निगम की प्रबंध निर्देशिका का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। एक कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्राओं ने सैनिटरी पैड मुफ्त में उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए एमडी हरजोत कौर ने कहा, ‘आप आज सैनिटरी पैड मांग रही हो, कल आप कंडोम मांगोगी।’ वीडियो में स्कूली छात्राओं को सैनिटरी नैपकिन मुफ्त में देने की मांग करते हुए देखा जा सकता है ताकि उन्हें जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़े।
एक स्कूली छात्रा ने सवाल किया, “सरकार बहुत सारा मुफ्त सामान दे रही है। क्या हमें 20-30 रुपये के सैनिटरी पैड नहीं दे सकती है?”
आईएएस अधिकारी हरजोत कौर ने लड़की के सवाल का जवाब देते हुए कहा, “क्या मांगों का कोई अंत है? कल आप कहेंगे कि सरकार जींस और खूबसूरत जूते दे सकती है। जब परिवार नियोजन की बात आती है, तो आपको मुफ्त कंडोम भी चाहिए।” हरजोत कौर ने कहा, “आपको सरकार से चीजें लेने की आवश्यकता क्यों है? यह सोच गलत है।”
लड़कियों ने उनके दावों का खंडन करते हुए कहा कि सरकार वोट के लिए चुनाव के दौरान बहुत कुछ करने का वादा करती है। इसपर हरजोत कारू ने कहा, “वोट मत दो। बन जाओ पाकिस्तान।”
हरजोत कौर ने बाद में एक बयान जारी कर कहा, “मैं महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण के सबसे मुखर चैंपियनों में से एक के रूप में जानी जाती हूं। डब्ल्यूसीडीसी द्वारा जिन शरारती तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, वे अब मेरी प्रतिष्ठा को धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं।”
विहिप दुर्गा वाहिनी मातृ शक्ति ने किया शस्त्र पूजन कार्यक्रम
देवघर। प्रतिनिधि , शारदीय नवरात्र के अवसर पर बुधवार को विश्व हिन्दू परिषद् दुर्गा वाहिनी मातृ शक्ति जिला इकाई देवघर द्वारा जिला मातृ शक्ति प्रमुख भारती..शारदीय नवरात्र के अवसर पर बुधवार को विश्व हिन्दू परिषद् दुर्गा वाहिनी मातृ शक्ति जिला इकाई देवघर द्वारा जिला मातृ शक्ति प्रमुख भारती रानी तिवारी के अगुवाई में बीएड कॉलेज विलियम्स टाउन स्थित पूजा भवन में शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस संबंध में जिला मातृ शक्ति प्रमुख ने कहा कि नवरात्रि के अवसर पर ही दुर्गा वाहिनी का अवतरण हुआ है। इसलिए प्रत्येक वर्ष नवरात्रि के अवसर पर शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है।
शस्त्र पूजन कार्यक्रम पूरे नवरात्रि तक जिले के विभिन्न पूजन स्थल पर आयोजित किए जाने का कार्यक्रम है।
इस दौरान शस्त्र और शक्ति दोनों का पूजन वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया जाता है। इस अवसर पर विहिप जिला कार्याध्यक्ष डॉ. गोपाल जी शरण, जिला मंत्री बिक्रम सिंह, बजरंग दल जिला संयोजक अभिषेक मिश्रा, जिला सह मंत्री राकेश बर्णवाल, जिला गौ रक्षा प्रमुख संजय देव, शिवनाथ राव, मातृ शक्ति प्रमुख भारती रानी तिवारी, सह प्रमुख पूनम कुमारी, सुनैना, कंचन, प्रवीणा, विंदा, सुभद्रा, शुभम कश्यप सहित अन्य मातृ शक्ति और दुर्गा वाहिनी की सदस्य उपस्थित थी।
हिमाचल प्रदेश में सड़कों पर हजारों बेसहारा पशु घूम रहें हैं
कुल्लू, 29 सितंबर । हिमाचल प्रदेश में आज सड़कों पर हजारों बेसहारा पशु घूम रहें हैं लेकिन सरकार आज भी बेसहारा पशुओं के लिए गंभीर नहीं हैं। अगर जल्द ही इस समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान संघ इस बारे सरकार का विरोध करेगा।
कुल्लू में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भारतीय किसान संघ की राष्ट्रीय महिला प्रमुख मंजू दीक्षित ने कहा कि आज किसानों का भी बेसहारा पशुओं के कारण नुकसान हो रहा है और सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा आखिर किसान क्यों भुगते। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने गंभीरता नहीं दिखाई तो किसान व बेसहारा पशुओं को साथ लेकर किसान संघ आंदोलन करेगा। मंजू दीक्षित ने कहा कि प्रदेश सरकार के द्वारा बेसहारा पशुओं के लिए गो अभ्यारण व गौ सदन बनाने की भी बात कही गई। लेकिन वह बात भी आज धरातल पर नहीं दिख रही है। ऐसे में बेसहारा पशुओं के लिए जल्द से जल्द सरकार योजनाओं को लागू करें। वही देश भर के किसानों को भी आज फसल का लागत मूल्य तक नहीं मिल पा रहा है उस दिशा में भी भारतीय किसान संघ लगातार काम कर रहा है।
उन्होंने कहा हिमाचल प्रदेश की अगर बात करें तो यहां पर सेब का समर्थन मूल्य भी कम है। मंजू दीक्षित का कहना है कि कश्मीर में सेब का समर्थन मूल्य 65 से ₹70 प्रति किलो तक रखा गया है और बी ग्रेड के सेब को भी वहां पर अच्छे दाम मिलते है। ऐसे में हिमाचल के सेब को भी कश्मीर की तर्ज पर सेब का समर्थन मूल्य दिया जाना चाहिए। ताकि बागवानों की आर्थिकी मजबूत हो सके।
मंजू दीक्षित ने कहा कि आज के समय में फसलों की लागत बढ़ गई है और उसके बाद मंडियों में किसान को उचित समर्थन मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है। जिसके चलते देश भर में किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं। भारतीय किसान संघ सरकार से मांग करता है कि किसानों की फसलों पर जो लागत आती है उससे अधिक मूल्य किसानों को दिया जाना चाहिए। ताकि किसान कर्ज में डूब कर आत्महत्या न करें।
‘न्यूकमर्स’ के लिए एकजुट हुए भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के 23 प्रमुख फिल्ममेकर
बॉलीवुड में अपनी पहचान कायम करने की दिशा में संघर्षरत नवोदित प्रतिभाओं को प्रकाश में लाने के उद्देश्य से भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के 23 प्रमुख फिल्ममेकर एक साथ आये हैं और संयुक्त रूप से प्रस्तावित योजनाओं के साथ शुरू की गई इस अनूठी पहल को नाम दिया है ‘न्यूकमर्स’।
राजकुमार हिरानी, रोहित शेट्टी, सुकुमार, आशुतोष गोवारिकर, कबीर खान, इम्तियाज अली, गौरी शिंदे और आर बाल्की, आनंद एल राय, अनीस बज्मी, एआर मुरुगदास, अश्विनी अय्यर तिवारी और नीतीश तिवारी, राम माधवानी, अली अब्बास जफर, सिद्धार्थ आनंद, राज और डीके, अभिषेक शर्मा, मृगदीप सिंह लांबा, अमित शर्मा, जगन शक्ति, विष्णुवर्धन जैसे प्रतिष्ठित फिल्ममेकर्स की एक टीम न्यू टैलेंट को मेंटर और लॉन्च करने के लिए बनाया गया है।
फिक्की मीडिया एंड एंटरटेनमेंट कमेटी की चेयरपर्सन और वायकॉम 18 की सीईओ ज्योति देशपांडे के साथ मिलकर ‘न्यूकमर्स’ की परिकल्पना करने वाले निर्माता महावीर जैन ने कहा, ” हम साथ मिलकर अपना कल बनाने के लिए काम करेंगे।”
बॉलीवुड में फिक्की मीडिया एंड एंटरटेनमेंट कमेटी के द्वारा संचालित ‘न्यूकमर्स’ को नवोदित प्रतिभाओं के हित में सार्थक पहल के रूप में देखा जा रहा है और उम्मीद की जा रही है कि नए अभिनेताओं, लेखकों, निर्देशकों, संगीत प्रतिभाओं और तकनीशियनों की एक विस्तृत श्रृंखला को एक मंच प्रदान करने का यह प्रयास बॉलीवुड की दिशा और दशा बदलने में कारगर साबित होगा।
प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय
योगी आदित्यनाथ सरकार गौ तस्करों के खिलाफ सख्ती से निपटेगी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार गौ तस्करों के खिलाफ सख्ती से निपटेगी. प्रदेश सरकार ने साल 2017 से ऐसे अपराध को अंजाम देने वाले फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया है. इसके अलावा पिछले एक दशक में ऐसे अपराधों में लिप्त रहे आरोपियों की हिस्ट्रीशीट भी खोली जाएगी. उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक देवेंद्र सिंह चौहान ने इस बाबत पिछले सप्ताह आदेश जारी किया. इसमें गौ तस्करों की संपत्ति जब्त करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही पुलिस को गौ तस्करी के मामलों में ठोस केस तैयार करने का निर्देश दिया गया है, ताकि तस्कर जमानत पर जेल से बाहर न आ सकें.
पुलिस महानिदेशक ने पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिया ह कि गौ तस्करों के खिलाफ पुख्ता केस बनाया जाए, ताकि उन्हें जमानत न मिल सके और अदालत में ऐसे तस्कर दोषी ठहराए जा सकें. डीजीपी ने पिछले एक दशक में हुए गौ तस्करी के मामलों का अध्ययन कर ऐसे अपराधों से निपटने के लिए नई रणनीति बनाने की भी बात कही है. साथ ही वैसे जगहों की पहचान करने को कहा गया है, जहां गौ तस्करी के मामले सबसे ज्यादा आते हैं या आ रहे हैं. पुलिस को तस्करों की गिरफ्तारी के लिए रात में छापा मारने को भी कहा गया है.
महामण्डेलश्वर स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरी ने गौ संगोष्ठी में भारतीय गौ-वंश का महत्व बताया
भोपाल, 28 सितंबर प्रदेश की केन्द्रीय कारागारों में संचालित गौ-शालाएँ काफी अच्छी अवस्था में है। इन गौ-शालाएँ की व्यवस्थाएँ प्रशंसनीय इसलिए भी है कि यहाँ मेनपावर (श्रम) के साथ आवश्यक राशि की उपलब्धता रहती है।
यह बात मध्यप्रदेश गौ-संवर्द्धन बोर्ड कार्य-परिषद के अध्यक्ष स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरी ने बुधवार को सेवा पखवाड़ा में भोपाल की केन्द्रीय जेल में हुए कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की वे गौ-शालाएँ, जिनका संचालन धर्माचार्य साधु-संतों के मार्ग-दर्शन और गौ-भक्तों के आर्थिक सहयोग से हो रहा है, काफी अच्छी स्थिति में है। भोपाल जेल की गौ-शाला में 411 गौवंश हैं। इसमें 60 गाय से अच्छी मात्रा में दुग्ध उत्पादन मिल रहा है।
कैदियों को गौ आधारित लघु उद्योग का प्रशिक्षण दें
महामण्डेलश्वर स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरी ने गौ संगोष्ठी में भारतीय गौ-वंश का महत्व, गौसेवा से इहलोक-परलोक की प्राप्ति, सनातन धर्म में आदिकाल से गौसेवा के लाभ आदि की जानकारी दी। उन्होंने जेल प्रशासन से कहा कि गायों से प्राप्त गोबर, गौमूत्र, दूध, दही, मठ्ठा, घी से पंचगव्य औषधियाँ तैयार की जा सकती है। बंदियों को गौ आधारित लघु उद्योग का प्रशिक्षण दें।
उन्होंने आग्रह किया कि जेल परिसर की गौ-शाला में बंदियों के लिए एक अनुसंधान शाला और गौ उत्पादों की प्रयोग शाला बनाएँ। गौ आधारित उत्पादों का प्रशिक्षण प्राप्त बंदी मुक्त होने के बाद उद्यमी बन कर आत्म-निर्भर हो सकते हैं। गौ-संवर्द्धन बोर्ड, बंदियों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहेगा।
भावनात्मक है आनंद शुक्ला की जैकी श्रॉफ अभिनीत फिल्म ‘लाईफ ईज गुड’
मुम्बई। फिल्म फायनान्स के कारोबार में लंबे समय से सक्रिय रहे आनंद शुक्ला ने अब फिल्म निर्माण के क्षेत्र में आगमन करते हुए फिल्म “लाईफ ईज गुड” का निर्माण किया है। यह महज फिल्म नहीं बल्कि फिल्म इंडस्ट्री में आनंद शुक्ला के लंबे अनुभव का निचोड़ भी है। वे अच्छी तरह से जानते हैं कि संवेदनशीलता फ़िल्म की सफलता कुंजी है और इसी वजह से उनकी यह फिल्म इमोशन्स से सराबोर बन पड़ी है। सुजीत सेन लिखित कहानी पर बनी इस फिल्म के निर्देशक अनंत नारायण महादेवन हैं। फिल्म के सह-निर्माता राजेन्द्र सिंघवी और केतन जैन हैं। इसके प्रमुख कलाकार जैकी श्रॉफ, बेबी सना, अनन्या, स्वानंद वर्मा, अंकिता, रजित कपूर, सुनीता सेन गुप्ता, दर्शन जरीवाला और मोहन कपूर हैं। इन कलाकारों को चमकाती इस फ़िल्म का पोस्टर 27 सितंबर को रिलीज किया गया।
अपनी फिल्म के रिलीज के कगार पर पहुंचने से खुश आनंद शुक्ला फिल्म के विषय के बारे में कहते हैं कि यहां कहानी में मानवीय संवेदनाएं पिरोयी गयी है। कोरोना महामारी से पूर्व अमूमन हर किसी को जिंदगी से शिकायत थी और शिकायत का सुर यही होता था कि उसकी जिंदगी अभावों से भरी पड़ी है और हर चीज की कमी है। पर इस महामारी के चलते लोगों को एहसास हुआ कि जिंदगी ने उन्हें काफी कुछ दिया है और उन्हें जिंदगी का अर्थ समझ में आया। ज़िन्दगी के प्रति लोगों के दृष्टिकोण में बदलाव आया है और वे जिंदगी को सकारात्मकता के नज़रिये से देखने लगे। मेरी फिल्म भी जिंदगी की सकारात्मकता से देखने का संदेश लिये हुये है और यह सकारात्मकता फिल्म के शीर्षक से भी छलकती है।
फिल्म में निश्छल प्यार की कहानी प्रस्तुत की गयी है और यह दर्शाया गया है कि अकेलेपन की जिंदगी जी रहे एक अधेड़ उम्र के आदमी के परिचय में जब एक मासूम बच्ची आती है तो उनके बीच कैसा लगाव हो जाता है। निस्वार्थ रिश्ते को यहां भावनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। आज की भागदौड़ वाली जिंदगी में आपसी संबंध पीछे छूटने लगे हैं, ऐसे में यह फिल्म दर्शाती है कि संबंधों में मधुरता हो तो जिंदगी कितनी खुशनुमा बन जाती है।
“लाईफ ईज गुड” की प्रमुख शूटिंग महाबलेश्वर की नयनाभिराम वादियों में की गयी है और पहाड़ी लोकेशन की खूबसूरती ने फिल्म में चार चांद लगा दिये हैं।
संवेदनशील फिल्में हमेशा से ही दर्शकों की पहली पसंद बनी रही हैं। ऐसे में यह कहना गलत न होगा कि संवेदनशीलता से लबालब यह फ़िल्म जब 9 दिसंबर को प्रदर्शित होगी तब दर्शक इसे शर्तिया हाथों-हाथ लेंगे।












