मुंबई में तीन फरवरी तक अवैध जमावड़े पर प्रतिबंध
मुंबई में तीन फरवरी तक अवैध जमावड़े पर प्रतिबंध
मुंबई। शांति और लोक व्यवस्था भंग न हो, मानव जीवन और संपत्ति के गंभीर नुकसान को रोकने के लिए पांच या अधिक व्यक्तियों के अवैध जमावड़े पर मुंबई क्षेत्र में तीन फरवरी तक प्रतिबंध लगने की जानकारी पुलिस उपायुक्त (अभियान) विशाल ठाकुर ने दी है। इस आदेश के अनुसार पांच या अधिक व्यक्तियों का कोई भी जमावड़ा, किसी भी व्यक्ति का कोई भी जुलूस और किसी भी जुलूस में लाउडस्पीकर, वाद्य यंत्र, संगीत बैंड और पटाखे फोड़ने के साथ-साथ ज्वलनशील पदार्थों का उपयोग प्रतिबंधित है। आदेश का उल्लंघन होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस उपायुक्त कार्यालय के माध्यम से यह भी सूचित किया गया है कि अंतिम संस्कार, विवाह समारोह, कंपनियों, क्लबों, सहकारी समितियों, सिनेमाघरों, थिएटरों, अदालतों, स्कूलों, दुकानों, कारखानों, व्यवसायों और सभाओं को इस आदेश से बाहर रखा गया है।
गोरखनाथ मंदिर के हमलावर को फांसी की सजा
गोरखनाथ मंदिर पर हमला करने वाले अहमद मुर्तजा को फांसी की सजा, स्पेशल कोर्ट का फैसला
चार अप्रैल को गोरखनाथ चौकी के मुख्य आरक्षी विनय कुमार मिश्र ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा था कि वह मंदिर के गेट नंबर एक का सुरक्षा प्रभारी था। तभी अचानक आरोपी ने बांके से पीएसी के सिपाही अनिल कुमार पासवान पर हमला कर हथियार छीनने की कोशिश की।
गोरखनाथ मंदिर में हमला करने के मामले में दोषी ठहराये अहमद मुर्तजा को फांसी की सजा दी गई। गोरखनाथ मंदिर में घुसकर सुरक्षाकर्मियों पर आतंकी हमला कर घायल करने के आरोपी अहमद मुर्तजा अब्बासी को एटीएस के विशेष न्यायाधीश विवेकानंद शरण पांडेय ने यह सजा सुनाई। गौरतलब है कि चार अप्रैल को गोरखनाथ चौकी के मुख्य आरक्षी विनय कुमार मिश्र ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा था कि वह मंदिर के गेट नंबर एक का सुरक्षा प्रभारी था। तभी अचानक आरोपी ने बांके से पीएसी के सिपाही अनिल कुमार पासवान पर हमला कर हथियार छीनने की कोशिश की। बचाव में अन्य सुरक्षाकर्मी आ गए तो आरोपी ने सिपाही गोपाल गौड़ को भी घायल कर दिया और बांका लहराते हुए धार्मिक नारे लगाने लगा। तभी आनन फानन उसे उसे पकड़ लिया गया। उसके पास से बांका, लैपटॉप और उर्दू में लिखी सामग्री बरामद की गई। मामले की विवेचना एटीएस को दी गई थी। विवेचक और डिप्टी एसपी संजय वर्मा ने चार्जशीट दायर की। कोर्ट में सरकार के खर्च पर मुर्तजा को वकील दिया गया, जबकि अभियोजन की ओर से वादी विनय कुमार मिश्रा, घायल पीएसी जवान अनिल कुमार पासवान, गोपाल गौड़ के अलावा डाक्टर और अन्य समेत 27 गवाह पेश किए गए। उधर, आरोपी खुद को मानसिक बीमार बताता रहा, लेकिन इस संबंध में कोई सबूत न होने के कारण कोर्ट ने उसे दोषी ठहराया है।
मास्क टीवी पर निर्देशक अनिल रामचंद्र शर्मा की हॉरर फिल्म ‘लीच’
खून पीने वाली लड़की की कहानी पर बनी फिल्म ”लीच’ का ट्रेलर हुआ आउट
मुम्बई। हॉलीवुड में जॉम्बी या खून पीने वाले इंसानों व भेड़ियों की कहानी पर बनी फिल्में आपने खूब देखी होंगी, लेकिन एक ऐसी ही फिल्म अब हिंदी सिनेमा में भी जल्द देखने को मिलेगा। इस फिल्म का नाम ‘लीच’ है, जो एक खून पीने वाली लड़की की कहानी पर बेस्ड है। टैग प्रोडक्शन प्रजेंट्स के बैनर तले बनी बॉलीवुड हॉरर फिल्म ” लीच” मास्क टीवी ओटीटी पर का शानदार कैमरा वर्क. जानदार अभिनय, काबिले तारीफ़ निर्देशन से सजा है, जिसका ट्रेलर भारतीय युवा सिनेमा प्रेमियों के लिए युवा सिने टीम का पहला ऐसा शाहकार है जो विश्व सिनेमा में भारत की स्थिति मजबूत करने का माद्दा रखता है।
फिल्म ”लीच” की कथा पटकथा की बनावट में एक्ट्रेस सनम जिया जो मास्क टीवी ओ टी टी पर मिशन सेवेन्टी में नज़र आईं थीं, को फिर देख पाएँगे। फिल्म ”लीच” में अभिनेता आभिक बेनजीर मुख्य भूमिका में है। बजरंगी भाईजान, स्त्री,कश्मीर फाइनल्स में प्रशंसा पा चुके वरिष्ठ अभिनेता अतुल श्रीवास्तव, जम्मू कश्मीर राज्य का गणतंत्र दिवस पर राजकीय सम्मान पा चुके अभिनेता मीर सरवर, शादी में ज़रूर आना, दम लगा के हईशा जैसी फ़िल्मों और अनेक सीरियल्स में अपने अनूठे अभिनय से जानी जाने वाली अभिनेत्री अल्का अमीन भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
फरवरी माह में यह बोन कॉलिंग, सस्पेंस और थ्रिल से भरपूर फिल्म ”लीच” देखने के लिए मास्क टीवी ओटीटी के दर्शकों में उत्साह है। निर्देशक अनिल रामचंद्र शर्मा और पवित्रा दास को अपने प्रोजेक्ट के कामयाब होने की पूरी उम्मीद है। निर्मात्री अंजु भट्ट और चिरंजीवी भट्ट भी फिल्म ”लीच” को और 6 कड़ियाँ की वेब सीरीज के रूप में स्ट्रीम करने को लेकर काफी गंभीर नज़र आते हैं क्योंकि दर्शकों के लिए अब लीच को अनमास्क करना उनके लिए लंबे इंतज़ार का तोहफा होगा। इस बॉलीवुड फिल्म ”लीच” के प्रचारक हंगामा मीडिया ग्रुप के संजय भूषण पटियाला है।
भोपाल की सबसे बड़ी गोशाला से 2131 गाय गायब, अंदर बीमार गायों का ढेर, बाहर कंकाल का मैदान
भोपाल – दैनिक भास्कर की खबर के अनुसार राजधानी की सबसे बड़ी गोशाला से एक साल में 2131 गाय गायब हो गईं। नगर निगम और पशु पालन विभाग का सरकारी रिकॉर्ड यही बता रहा है। दरअसल, निगम शहर से जो भी गाय पकड़ता है, अधिकांश को भदभदा स्थित जीवदया गोशाला भेज देता है। गोशाला में जनवरी 2022 में 1961 गाय थीं। इसकी पुष्टि खुद विभाग ने की है।
जबकि निगम ने सालभर में यहां 2236 गाय भेजीं। इनमें से 116 गाय की मौत हो गई। मौजूद रिकॉर्ड के हिसाब से फिर भी गोशाला में 4081 होनी चाहिए थी, लेकिन यहां अभी 1950 गाय होना दर्ज है। फिर बाकी 2131 गाय कहां गायब हो गईं? जबकि गोशाला गायों की संख्या की जानकारी हर महीने पशु पालन विभाग को देती है।
गायों की असल संख्या जानने के लिए भास्कर टीम भी गोशाला पहुंची। लेकिन यहां मौके पर करीब 500 गायें ही नजर आईं। जीवदया गोशाला के प्रबंधक से जब गायों के गायब होने का सवाल पूछा गया तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि गाय चरने के लिए जंगल जाती हैं। इनके साथ पांच कर्मचारी होते हैं, लेकिन कई बार वे सड़क पकड़कर निकल जाती हैं, इसलिए संख्या में अंतर हो सकता है।
गोशाला के अंदर का हाल डरावना मिला। यहां दो बाड़े हैं। दिनभर गायों को ओपन बाड़े में रखते हैं, जहां ट्रैक्टर से सूखी घास डाली जाती है। रात में इन्हें टीन शेड वाले बाड़े में रखा जाता है। ओपन बाड़े में गोबर का एक-एक फीट का कीचड़ भरा हुआ है। जहां गायें पानी पीती हैं, उस टंकी में कीड़े और काई भरी हुई मिली। जगह-जगह पानी भरा हुआ था। गोशाला के ही कर्मचारी ने बताया कि कई बार गाय पानी पी नहीं पाती। भूख-प्यास से तड़पकर दम तोड़ देती हैं। बहुत बुरा लगता है, लेकिन हम क्या कर सकते हैं।
गोशाला से 300 मी. दूर गायों के ढेरों कंकाल पड़े थे। यहां कंकाल से खाल उतार रहे दो कर्मचारियों ने बताया कि गोशाला में हर रोज दो से तीन गायाें की मौत होती है। उनको यहां फेंका जाता है। हम उनकी खाल उतारने का काम करते हैं।
जांच के लिए एक नोडल अधिकारी, फिर भी सही संख्या पता नहीं चली
जीवदया गोशाला को मौजूदा गायों की संख्या के आधार पर ही सरकारी अनुदान मिलता है। इसके लिए गोशाला को हर महीने गायों की संख्या पशु पालन विभाग को बतानी होती है। विभाग ने हर गोशाला के लिए एक नोडल अधिकारी बनाया है। वही गायों की संख्या की पुष्टि करता है। गोशाला ने दिसंबर 2022 में 1950 गाय होने की जानकारी दी। जबकि अभी यहां सिर्फ 500 गायें हैं
टीम बनाकर जांच कराएंगे
“गोशाला वाले जो संख्या भेजते हैं उसको नोडल अधिकारी वेरिफाई करते हैं। जीवदया गोशाला में गायों की संख्या में अंतर आ रहा है तो टीम बनाकर जांच की जाएगी।”
– डॉ. अजय रामटेके, उपसंचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं
हड्डी-चमड़े का कारोबार हो रहा
“जीवदया गोशाला से न सिर्फ गायों की हड्डी और चमड़े का कारोबार किया जा रहा है, बल्कि यहां से गायों को बाहर बेचा भी जाता है।”
– गौरव मिश्रा, प्रदेश अध्यक्ष ,अखिल भारतीय सर्वदलीय गोरक्षा महाभियान समिति
Mumbai – ‘लव जिहाद’ के खिलाफ खोला मोर्चा, रैली निकालकर धर्मांतरण विरोधी कानून की मांग की
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में रविवार को मार्च निकालकर ‘लव जिहाद’ का विरोध किया गया। यहां दक्षिणपंथी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने ‘लव जिहाद’ के खिलाफ एक विशाल रैली निकाली। इस दौरान उन्होंने धर्मांतरण विरोधी कानून और धर्म के नाम पर जमीन कब्जाने वाले लोंगों पर कार्रवाई की मांग की।

सकल हिंदू समाज द्वारा आयोजित इस रैली को हिंदू जन आक्रोश मोर्चा नाम दिया गया था। यह मार्च मध्य मुंबई के दादर में शिवाजी पार्क से शुरू हुआ और 4 किमी से अधिक की दूरी तय करते हुए परेल के कामगार मैदान में समाप्त हुआ। इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) जैसे दक्षिणपंथी संगठनों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रैली में हिस्सा लिया।
इस रैली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के शिवसेना गुट के कई नेताओं और विधायकों ने भी भाग लिया। इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए रास्ते में सुरक्षा व्यवस्था सख्त दिखी। रैली के रास्ते में दोनों तरफ पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था।
राज्य के डिप्पी सीएम ने बीते साल दिसंबर में किया था एलान
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बीते साल दिसंबर में ‘लव जिहाद’ को लेकर सख्त टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि अन्य राज्यों द्वारा ‘लव जिहाद’ के संबंध में बनाए गए कानूनों का सरकार अध्ययन करेगी और उचित निर्णय लेगी। उन्होंने श्रद्धा वाकर मामले को लेकर विधानमंडल में कहा था कि राज्य में “लव जिहाद” के उदाहरण बड़े पैमाने पर देखे जा रहे हैं।
क्या होता है ‘लव जिहाद’
‘लव जिहाद’ शब्द का इस्तेमाल मुस्लिम पुरुषों द्वारा शादी के माध्यम से हिंदू महिलाओं को धर्म परिवर्तन के लिए बहकाने के संदर्भ में किया जाता है।
एक्शन में धामी सरकार, गौ तस्करी की तो लगेगा गैंगस्टर एक्ट,संपत्ति भी होगी जब्त
देहरादून. उत्तराखंड में पुष्कर धामी की सरकार अब गौ तस्करों के खिलाफ बड़ा एक्शन लेने जा रही है. इसके लिए सीएम धामी के निर्देश पर डीजीपी अशोक कुमार ने गौ तस्करों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत एक्शन लेने का ऑर्डर जारी किया है वहीं तस्करों पर गैंगस्टर एक्ट लगने के साथ उनकी प्रॉपर्टी भी अटैच की कार्रवाई कभी शुरू की जायेगी. इसके तहत डीजीपी अशोक कुमार ने प्रदेश के सभी पुलिस कप्तानों को सख्त आदेश जारी किया है. इन आदेशों में प्रदेश में गिरोह बनाकर पशुओं का अवैध रूप से परिवहन और उनकी तस्करी करने वालों के खिलाफ अब गैंगस्टर एक्ट के अन्तर्गत सख्त कार्रवाई की जाएगी.
साथ ही साथ अगर कोई भी तस्कर गैंग बनाकर गौ तस्करी करता हुआ पकड़ा गया तो गैंगेस्टर एक्ट के तहत उसकी सम्पति को भी अटैच किया जाएगा. यानी कि अब तस्करों पर गौवंश संरक्षण अधिनियम 2007 के साथ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई देखने को मिलेगी. आपको बता दें कि बीते साल 2022 में प्रदेश में 185 गौ तस्करी के मामले सामने आए थे. इन बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रदेश सरकार ने गौ वंश पर तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश जारी किये हैं.
प्रदेश में देहरादून, हरिद्वार, उधमसिंह नगर, नैनीताल के साथ पौड़ी के कुछ इलाकों में जम कर गौ वंश तस्करी के साथ गौकशी की खबरे समाने आई हैं और ये इलाके बेहद ही संवेदनशील भी रहे हैं जिन पर अब सख्ती के लिए गैंगेस्टर एक्ट का भी पुलिस सहारा लेगी. इस मामले में ADG लॉ एंड ऑर्डर वी मुरुगेशन का कहना है कि प्रदेश सरकार प्रदेश में गौ तस्करों के खिलाफ जम कर कर्रवाई कर रही है और इस कार्रवाई के साथ ही अब इन तस्करों के खिलाग गैंगेस्टर एक्ट के साथ प्रोपर्टी अटैच की कार्रवाई भी की जाएगी.
मुंबई उपनगर पत्रकार संस्था का स्नेह सम्मेलन कार्यक्रम संपन्न
राजनीति, साहित्य, पत्रकारिता, समाज सेवा, प्रशासन से जुड़े विशिष्ट लोगों ने की शिरकत
बोरीवली। मुंबई उपनगर पत्रकार संस्था द्वारा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी ‘लिट्टी चोखा स्नेह सम्मेलन समारोह 2023’ का शानदार आयोजन किया गया। इस यादगार कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाईक, उत्तर मुंबई के भाजपा सांसद गोपाल शेट्टी, पूर्व गृह राज्यमंत्री भाजपा नेता कृपाशंकर सिंह, कांदिवली पूर्व के विधायक अतुल भातखलकर, दहिसर की विधायक मनीषा ताई चौधरी, चारकोप के विधायक योगेश सागर, बांद्रा के विधायक जिशान बाबा सिद्दीकी, वार्ड क्रमांक 31 के पूर्व नगरसेवक कमलेश यादव, एडवोकेट अखिलेश चौबे, बॉलीवुड के प्रख्यात कॉमेडियन और एक्टर सुनील पाल, श्रीकांत पांडे, वार्ड 10 के पूर्व नगरसेवक जितेंद्र पटेल, पूर्व नगरसेवक सागर सिंह, एडवोकेट इंद्रपाल सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अभय चौबे, कांग्रेस नेता अमर नाथ झा, बिज़नेसमैन वंश बहादुर जायसवाल, एनसीपी के हरीश शेट्टी, ई बी मुल्ला तथा निशार शेख सहित भारी संख्या में नेता, समाजसेवी और साहित्य जगत के लोग उपस्थित थे। सीनियर जर्नलिस्ट अमित मिश्रा, हरीश तिवारी, अवनिंद्र आशुतोष, संतोष साहू, अरुण कौशिक, विनोद यादव, प्रमोद यादव, भाजपा युवा मोर्चा के उत्तर मुंबई अध्यक्ष अमर शाह, वरिष्ठ पत्रकार भरत मिश्रा, संतोष तिवारी, मुस्तफा, वरिष्ठ बीजेपी नेता श्रीकांत पांडे, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता गणेश खनकर, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के युवा नेता मनीष दुबे, राष्ट्रहित संस्था के अध्यक्ष रोशन शेख, पूर्व नगरसेवक बाला तावडे, डॉ प्रमोद सिंह समेत अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। पुलिस विभाग के बड़े अधिकारियों में पुलिस उपायुक्त अजय कुमार बंसल, पुलिस उपायुक्त स्मिता पाटिल, कस्तूरबा मार्ग पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल आव्हाड, कांदिवली पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दिनकर जाधव, चारकोप पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मनोहर शिंदे समेत अनेक पुलिस अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी पुलिस अधिकारियों को पुष्पगुच्छ व शाल देकर सम्मानित किया गया।

इस कार्यक्रम का आयोजन मुंबई उपनगर पत्रकार संस्था के शिवशंकर तिवारी, जटाशंकर सिंह, गोविंद ठाकुर, सत्यम सिंह, विनय दूबे, प्रमोद सिंह, रामकुमार गुप्ता,शालिनी सिंह तथा अभिषेक मिश्रा एवं पोईसर जिमखाना के सहयोग से किया गया था। कार्यक्रम का उत्कृष्ट संचालन वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे ने किया। कार्यक्रम के प्रथम चरण में आयोजित कवि सम्मेलन में गीतकार रामजी कनौजिया, कुंवारा बी एल शर्मा, कवयित्री इंदु मिश्रा, कवयित्री सुमन तिवारी ने काव्य पाठ किया।
दादासाहेब फाल्के आवासीय परियोजना परिसर में आयोजित हुई एलाइड मजदूर यूनियन की 40 वीं वार्षिक सभा
अभिनेता रजा मुराद सहित कई जानी मानी हस्तियां रहे उपस्थित
मुम्बई। सिनेमा और मनोरंजन जगत से जुड़े सिनेमा कामगारों की सबसे बड़ी यूनियन फिल्म स्टूडियो सेटिंग एंड एलाइड मजदूर यूनियन की 40 वीं सर्वसाधारण सभा कर्जत के निकट शेलु में बन रहे दादासाहेब फाल्के आवासीय योजना परिसर में गणतंत्र दिवस पर धूमधाम से मनाई गयी। इस अवसर पर इस आवासीय योजना में अपने घर की नींव देख सिनेमा कामगारों के चेहरे खिले नजर आए। इस आवासीय परियोजना का निर्माण केंद्र व राज्य सरकार के सहयोग से एवं फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्पलॉयज (एफडब्लूआईसीई), फ़िल्म स्टूडियो सेटिंग एंड एलाइड मजदूर यूनियन की पहल पर अजान समूह द्वारा किया जा रहा है। शेलु में सिनेमा कामगारों के लिए 50 हजार घर बनाये जाने के पहले चरण में 522 घरों के निर्माण की शुरूआत हो चुकी है। इस अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में वरिष्ठ अभिनेता राजा मुराद ने कहा कि पर्दे के पीछे काम करने वाले वर्करों की तकलीफों को देखने के बाद भी किसी लीडर ने कभी उनके बारे में नहीं सोचा। इस आवासीय योजना के लिए फ़िल्म स्टूडियो सेटिंग एंड एलाइड मजदूर यूनियन के जनरल सेक्रेटरी गंगेश्वर लाल श्रीवास्तव संजू का देखा सपना आज पूरा हो रहा है।यहां पर बहुत कम कीमत में यूनियन मेम्बरों और सिनेमा कामगारों को उनके सपनो का घर मिलेगा। संजू ने पहली बार इस नेक काम की शुरूआत की है इसकी जितनी भी प्रशंसा की जाय कम है। इस अवसर पर फेडरेशन ओंफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉयज (एफडब्लूआईसीई) के प्रेसीडेंट बी. एन. तिवारी, फेडरेशन के जनरल सेक्रेटरी और एलायड मजदूर यूनियन के चेयरमैन – अशोक दूबे, फेडरेशन के वाइस प्रेसीडेंट – फिरोज खान (राजा), अजान ग्रुप के डायरेक्टर अमरजीत कुमार सिंह, यूनियन के ट्रेजरार राकेश मौर्या, चीफ ऑफिस सेक्रेटरी राजेश अनभवने, दिनेश (दद्दु) चतुर्वेदी सहित हजारों की संख्या में यूनियन मेंबर मौजूद रहे। ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ के तहत मिलने वाले घर का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसका सेम्पल फ्लैट उपस्थित मेम्बरो को दिखाया गया।
इस दौरान यूनियन के जनरल सेक्रेटरी गंगेश्वरलाल श्रीवास्तव (संजू) ने उपस्थित मेम्बरो के समक्ष यूनियन के संविधान में कुछ बदलाव की बात कही जिसे सभी ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। श्रीवास्तव ने बताया कि फिल्म, वेब सीरीज, टीवी सीरियल और ऐड फिल्म मे काम करने वाले मेम्बरों के वेजेस में 3 साल के लिए बढ़ोत्तरी किया गया है तो सारे मेंबर बढ़े हुए रेट पर ही काम करें। इसके अलावा जो प्रोड्यूसर्स, आर्ट डायरेक्टर्स और एक्विपमेंट मालिक हमारे मेम्बरों का शोषण करते हैं, 8 घंटे से ज्यादा काम कराते हैं और समय से वर्करों का पेमेंट नहीं देते उनके खिलाफ यूनियन कोर्ट मे जाने वाली है। जो मेंबर दूसरे का पेमेंट अपने नाम पर लेते हैं, यूनियन के खिलाफ काम करते है और विरोधियों से मिलकर यूनियन को तोड़ने की कोशिश करते हैं उनका भी मेंबरशिप रद्द किया जाएगा। कोरोना काल में जिस प्रोडक्शन या संस्था ने यूनियन के वर्करों की मदद की, उन सभी को धन्यवाद दिया गया। इस दौरान यूनियन के मेम्बरों को सूचित किया गया कि कोई भी नॉन मेंबर के साथ काम ना करे तथा फेडरेशन या यूनियन की कमेटी चेकिंग के लिए आती है तो उनको पूरा सहयोग करें। यूनियन 1983 से बनी है तब से 2022 तक पुरानी कमेटी और नयी कमेटी ने अपने मेम्बरों को क्या लाभ दिया उसकी जानकारी दी गयी। जहाँ 32 सालों में पुरानी कमेटी ने 12 करोड़ 75 लाख का लाभ दिया उनके मुकाबले नई कमेटी महज 8 सालों में ही 26 करोड़ 30 लाख का लाभ मेम्बरों को दे चुकी है। जनरल सेक्रेटरी द्वारा यूनियन के संविधान के तहत 2024 में यूनियन के अगले चुनाव की औपचारिक घोषणा भी की गयी। इसी के साथ ही साल 2019-2020 का ऑडिट रिपोर्ट पास कराया गया। उसके बाद लकी ड्रा के माध्यम से 11 भाग्यशाली विजेताओं को 5100 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गयी। उपस्थित अतिथियों और वरिष्ठ जनों का अंग वस्त्र और दादासाहेब फालके का फ्रेमचित्र देकर सम्मानित किया गया।
CNG Cars: गाय के गोबर से चलेंगी सीएनजी कारें! सुजुकी ने भारत सरकार की इस एजेंसी से किया समझौता
देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी Maruti Suzuki (मारुति सुजुकी) की मूल कंपनी Suzuki Motor Corporation (सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन) (SMC) ने कार्बन डाइऑक्साइड (CO2) उत्सर्जन से निपटने के उद्देश्य से एलान किया है कि वह बायोगैस का उत्पादन करने के लिए गाय के गोबर का इस्तेमाल करेगी, जिसका उपयोग देश में CNG कारों को चलाने के लिए किया जा सकता है।
यह एलान वित्त वर्ष 30 के लिए सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन की विकास रणनीति का हिस्सा है। मारुति फिलहाल 14 सीएनजी मॉडल बेचती है, जिनमें ऑल्टो, ऑल्टो के10, एस-प्रेसो, सेलेरियो, ईको, वैगनआर, स्विफ्ट, डिजायर, अर्टिगा, बलेनो, एक्सएल6, ग्रैंड विटारा, टूर एस और सुपर कैरी शामिल हैं। भारत के सीएनजी कार बाजार में कंपनी की हिस्सेदारी करीब 70 फीसदी है।

मारुति ने 2010 में तीन मॉडलों – ईको, ऑल्टो और वैगनआर के साथ सीएनजी कारों की बिक्री शुरू की थी। इसने अब तक 1.14 मिलियन (11,40,000) से ज्यादा यूनिट्स बेची हैं, जिससे 1.31 मिलियन टन CO2 उत्सर्जन की बचत हुई है।
एसएमसी ने कहा, “हालांकि हम उम्मीद करते हैं कि भारतीय बाजार वित्त वर्ष 30 तक बढ़ेगा, उत्पादों से CO2 उत्सर्जन में कमी के बावजूद, हम यह भी उम्मीद करते हैं कि कुल CO2 उत्सर्जन राशि में बढ़ोतरी को रोका नहीं जा सकता है। हम बिक्री यूनिट्स को बढ़ाने और कुल CO2 उत्सर्जन को कम करने के बीच संतुलन बनाने की चुनौती देंगे।”
कंपनी ने कहा, “इस चुनौती से निपटने के लिए सुजुकी की अनूठी पहल बायोगैस व्यवसाय है, जिसमें गाय के गोबर से हासिल बायोगैस का उत्पादन और आपूर्ति की जाएगी, गोबर जो कि डेयरी अपशिष्ट हैं, यह मुख्य रूप से भारत के ग्रामीण क्षेत्रों में देखे जा सकते हैं।” कंपनी ने कहा, यह बायोगैस इसके सीएनजी मॉडल के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
एसएमसी ने बायोगैस के वेरिफिकेशन (सत्यापन) के लिए भारत सरकार की एजेंसी राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड और एशिया की सबसे बड़ी डेयरी निर्माता बनास डेयरी के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। कंपनी ने Fujisan Asagiri Biomass LLC में भी निवेश किया है, जो जापान में गाय के गोबर से हासिल बायोगैस का इस्तेमाल करके बिजली पैदा करती है। एसएमसी ने कहा, “हम मानते हैं कि भारत में बायोगैस व्यवसाय न सिर्फ कार्बन न्यूट्रलिटी में योगदान देता है, बल्कि आर्थिक विकास को भी बढ़ावा देता है और भारत के समाज में योगदान देता है। हम अफ्रीका, आसियान और भविष्य में जापान सहित अन्य कृषि क्षेत्रों में व्यवसाय का विस्तार करने पर भी विचार कर रहे हैं।”














