ठाणे: मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अयोध्या दौरे पर के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा है कि कांग्रेस के लोग जल्द ही अयोध्या जाएंगे। उन्हें भी वहां के महंतों ने बुलाया है। नाना ने दावा किया कि अयोध्या के रामलला मंदिर पर कांग्रेस ज्यादा अधिकार है, क्योंकि मंदिर का ताला दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने खुलवाया था और भूमिपूजन भी उन्होंने ही किया था। सोमवार को ठाणे के गडकरी रंगायतन सभागार में महाराष्ट्र कांग्रेस कमिटी की विस्तारित कार्यकारिणी की बैठक हुई। बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पटोले ने शिंदे-फडणवीस सरकार की खिंचाई की। पटोले ने कहा कि राज्य में एक तरफ किसान बेमौसम बारिश से परेशान है, तो दूसरी तरफ शिंदे-फडणवीस गाजे-बाजे के साथ अयोध्या जाते हैं, जैसे पाकिस्तान पर हमला करने गए हों। राज्य सरकार जनता को लूट रही है। अनाप-शनाप खर्च कर रही है। इससे वह राज्य को भिखारी बना देगी।

पटोले ने शिंदे के गृह क्षेत्र ठाणे शहर में हो रहे सौंदर्यीकरण पर कहा कि जिस काम पर 50 से 60 करोड़ खर्च होने हैं, वहां साढ़े 400 करोड़ खर्च किए गए हैं। यह जनता के पैसे की लूट नहीं तो और क्या है? उन्होंने आउटसोर्सिंग को असंवैधानिक करार दिया।

‘मुंगेरीलाल के सपने देख रही बीजेपी’
महाविकास आघाडी के कुछ विधायकों के बीजेपी में जाने की संभावना पर पटोले ने कहा कि कर्नाटक की तरह महाराष्ट्र में भी हाल होने वाला है। आज बीजेपी की कर्नाटक में चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं है। बीजेपी मुंगेरीलाल के सपने देख रही है। आघाडी के विधायक एकजुट हैं।

‘अब बहकावे में नहीं आएंगे किसान’
पटोले ने राज्य में किसानों की आत्महत्या के लिए केंद्र सरकार को दोषी ठहराया। उन्होंने कहा कि पिछले 8 से 9 साल में 21 हजार किसानों ने आत्महत्या की। सरकार ने किसानों को उनके हाल पर छोड़ दिया है। किसान बुरी तरह परेशान हैं। अब किसान बीजेपी के झांसे में नहीं आएंगे।
‘सरकार का प्रशासन पर अंकुश नहीं’
पटोले ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। सरकार का प्रशासन पर कोई नियंत्रण नहीं है। ठाणे जिला अध्यक्ष विक्रांत चव्हाण को धमकी मिली। कांग्रेस कार्यकर्ता को मारा-पीटा गया। रोशनी शिंदे पर जान लेवा हमला हुआ। पुलिस ने शिकायत तक नहीं ली। मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र ठाणे में तो कानून व्यवस्था की धज्जी उड़ गई है।
असली चेहरा आ गया है सामने’
पटोले ने केंद्र की मोदी सरकार पर प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई बढ़ गई है। दवाएं महंगी होने के कारण गरीब इलाज का खर्च वहन नहीं कर पाएंगे। उन्होंने आलोचना की कि सरकार का असली चेहरा जनता के सामने आ गया है।
‘ठाणे में फिर खड़ी होगी कांग्रेस’
राज्य की राजनीति में ठाणे के बढ़ते राजनीतिक महत्व को देखते शिवसेना, बीजेपी और एनसीपी के बाद कांग्रेस ने ठाणे जिले पर ध्यान केंद्रित किया है। शहरभर में बैठक के पोस्टर और बैनर लगाए गए थे। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद महाविकास आघाडी के घटक दल जिस तरह से आक्रामक हैं, ऐसे में यह बैठक कांग्रेस को पुनर्जीवित करने की दिशा में संजीवनी साबित हो सकती है। पटोले ने कहा कि ठाणे जिला कांग्रेस का गढ़ था। कांग्रेस यहां फिर से मजबूती से खड़ी होगी।
कांग्रेस की बैठक में पारित किए गए प्रस्ताव
– राहुल गांधी के खिलाफ हुई कार्रवाई तथा मोदी-अडानी की दोस्ती को जनता के सामने लाने के लिए जय भारत सत्याग्रह।
– केंद्र में पुन: कांग्रेस सरकार आने पर ओबीसी के लिए एक अलग मंत्रालय शुरू करने का निर्णय।
– राज्य में चुनाव के समय धार्मिक उन्माद फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश को नाकाम करने पर जोर।
– कृषि उपज का उचित मूल्य और पीड़ित किसानों को पर्याप्त आर्थिक सहायता दिलाने का संकल्प।
Previous articleबजरंग दल और दुर्गा वाहिनी ने ढहाई थी बाबरी मस्जिद – बीजेपी नेता चंद्रकांत पाटिल
Next articleCovid Cases: मुंबई में मास्क की वापसी, BMC के अस्पतालों में हुआ जरूरी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here