Home Blog Page 613

गायक एवं संगीतकार शंकर महादेवन ने भित्ति चित्रकारों की प्रशंसा की

0

नमुंमपा मुख्यालय में गायक एवं संगीतकार शंकर महादेवन ने भित्ति चित्रकारों की प्रशंसा की

नवी मुंबई। इस शहर के नागरिकों में शहर के लिए बहुत प्यार और गर्व है और भित्ति प्रतियोगिता के माध्यम से पहले 6वें वर्ष के छात्रों से लेकर वरिष्ठ चित्रकारों तक, कलाकारों ने चित्रों के माध्यम से नवी मुंबई की स्वच्छता और सुंदरता की अवधारणा बनाई है। इन कलाकारों की मशहूर गायक, संगीतकार और स्वच्छ नवी मुंबई मिशन के ब्रांड एंबेसडर शंकर महादेवन ने जमकर तारीफ की।
नवी मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय में दौरे के दौरान महानगरपालिका आयुक्त राजेश नार्वेकर के साथ शंकर महादेवन ने मुख्यालय भवन के तलघर में भित्ति चित्र प्रतियोगिता में भाग लेने वाले 69 छात्र, युवक एवं नागरिक चित्रकारों द्वारा चित्रित भित्ति चित्रों का निरीक्षण किया तथा चित्रकारों की नगर की स्वच्छता की नवीन अवधारणाओं की प्रशंसा की। इस अवसर पर शहर अभियंता संजय देसाई, अपशिष्ट प्रबंधन विभगा के उपायुक्त डॉ. बाबासाहेब राजले, मुख्य स्वच्छता अधिकारी राजेंद्र सोनावणे व अन्य महानुभाव उपस्थित रहे। ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2023’ अभियान के दौरान स्वच्छता में व्यापक जनभागीदारी पर जोर दिया गया और नागरिकों की अन्तर्निहित प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और स्वच्छता का संदेश फैलाने के लिए विभिन्न स्वच्छता प्रतियोगिताओं जैसे पेंटिंग, भित्ति चित्र, नुक्कड़ नाटक, जिंगल, लघु फिल्म का आयोजन किया गया है। इन सभी प्रतियोगिताओं में नागरिकों की बड़ी भागीदारी हो रही है और भाग लेने वाले कलाकार प्रतियोगी कला प्रदर्शनी के माध्यम से नवी मुंबई शहर में स्वच्छता आंदोलन बनाने में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। इन कलाकार और प्रतिस्पर्धियों की स्वच्छ नवी मुंबई मिशन के ब्रांड एंबेसडर शंकर महादेवन ने सराहना की।

दो साल तक बेटी से बात करने की कोशिश करते रहे श्रद्धा के पिता

0

चर्चित श्रद्धा हत्याकांड में श्रद्धा के पिता विकास वालकर ने पुलिस पर कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा, मेरी बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अगर पुलिस ने लापरवाही न दिखाई होती तो मेरी बेटी जिंदा होती।

दिल्ली के चर्चित श्रद्धा हत्याकांड में श्रद्धा के पिता विकास वालकर ने पुलिस पर कई आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, अगर वसई पुलिस ने तत्परता दिखाई होती तो आज मेरी बेटी जिंदा होती। मुंबई में एक प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया है। विकास वालकर ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, मैं बीते दो साल से अपनी बेटी से बात करने की कोशिश करता रहा, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। मुझे कभी नहीं बताया गया कि मेरी बेटी के साथ क्या हो रहा है। उन्होंने कहा, वसई पुलिस के कारण आज हमें कई तकलीफों से गुजरना पड़ रहा है।

आफताब को भी मिले ऐसी सजा 
श्रद्धा के पिता ने कहा, आफताब पूनावाला ने जिस तरह मेरी बेटी की हत्या की है, ठीक उसी तरह उसे भी सजा मिले। उसे फांसी की सजा होनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने आफताब के परिवार, मां-बाप और रिश्तेदारों की भी जांच की मांग की।

आफताब की न्यायिक हिरासत 14 दिन बढ़ी 
श्रद्धा वालकर हत्या का आरोपी आफताब अमीन पूनावाला शुक्रवार को साकेत अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यवाही में शामिल हुआ। सुनवाई के बाद अदालत ने आफताब की न्यायिक हिरासत को 14 दिनों के लिए बढ़ा दिया है। बता दें, हत्या के आरोप में आफताब इस समय तिहाड़ जेल में बंद है। पुलिस ने आरोपी पूनावाला को 12 नवंबर को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उसे पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा गया था। पुलिस हिरासत को 17 नवंबर को पांच दिन के लिए बढ़ा दिया गया था। कोर्ट ने 22 नवंबर को फिर से आरोपी अफताब पूनावाला को चार दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा था और उसके बाद 26 नवंबर को उसे 13 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।

‘बुर्का’ पहनकर डांस करना छात्रों को पड़ गया भारी, कॉलेज ने किया निलंबित

0

‘बुर्का’ पहनकर डांस करना छात्रों को पड़ गया भारी

मंगलूरू। कर्नाटक के मंगलूरू में एक कॉलेज के चार छात्रों ने बॉलीवुड के गाने पर डांस किया। उस दौरान उन्होंने ऐसी ड्रेस पहन रखी थी, जिसमें वे सिर से लेकर पैर तक ढके हुए थे। लोगों ने इस ड्रेस को बुर्का बताया, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।

मंगलूरू में एक कॉलेज के चार छात्रों को ‘बुर्का’ पहनकर डांस करना भारी पड़ गया। दरअसल, इस डांस कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसकी जानकारी मिलने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने चारों छात्रों को निलंबित कर दिया। इस मामले में जांच की जा रही है।

पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, कॉलेज के चार छात्रों ने बॉलीवुड के गाने पर डांस किया था। उस दौरान उन्होंने ऐसी ड्रेस पहन रखी थी, जिसमें वे सिर से लेकर पैर तक ढके हुए थे। लोगों ने इस ड्रेस को बुर्का बताया, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया। बता दें कि इस मामले में कॉलेज प्रबंधन ने छात्रों के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी ट्वीट के माध्यम से दी। साथ ही, प्रेस रिलीज भी जारी की। मंगलूरू स्थित सेंट जोसेफ इंजीनियरिंग कॉलेज ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो क्लिप छात्रों द्वारा पेश किए गए कार्यक्रम का एक हिस्सा है। ये चारों छात्र मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। कॉलेज प्रबंधन का आरोप है कि ये चारों छात्र गलत तरीके से कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम का हिस्सा ही नहीं था और चारों छात्रों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, मामले की जांच की जा रही है। कॉलेज इस तरह की किसी भी गतिविधि का समर्थन नहीं करता है। बता दें कि इस मामले में कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सुधीर एम ने भी बयान जारी किया।

गुजरात में BJP की सबसे बड़ी जीत, हिमाचल में कांग्रेस

0

गुजरात: भाजपा के अच्छे दिन
आम आदमी पार्टी ने इस बार गुजरात की 182 में से 181 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। गुजरात में पहले चरण के मतदान से पहले उसने वहां पूरा जोर लगाया था। कई एग्जिट पोल्स भाजपा के पक्ष में थे, लेकिन फिर भी यह माना जा रहा था कि आम आदमी पार्टी उसे नुकसान पहुंचा सकती है। हालांकि, गुरुवार को जब नतीजे सामने आए तो भाजपा को मुस्कुराने की वजह मिल गई। 2002 में जब नरेंद्र मोदी पहली बार मुख्यमंत्री बने थे, तब भाजपा को मिलीं 127 सीटों से भी ज्यादा सीटें इस बार मिल गईं। भाजपा 155 से ज्यादा सीटें जीत रही है। यह इस राज्य के चुनावी इतिहास में किसी भी दल को मिलीं सीटों का सर्वाधिक आंकड़ा है। भाजपा भले ही यहां 24 साल से सत्ता में हो, लेकिन 85 फीसदी सीटें जीत लेने के बाद यह राज्य में उसके सबसे अच्छे दिन कहलाएंगे।

हिमाचल: कांग्रेस के अच्छे दिन
जब एमसीडी में आप जीती और गुजरात में भाजपा अब तक की सबसे ज्यादा सीटें ले आई तो कांग्रेस के पास मुस्कराने की वजह हिमाचल से मिली। यहां इस बार प्रियंका गांधी के नेतृत्व में प्रचार अभियान चला। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन के बाद उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह ने पूरी सक्रियता दिखाई। शुरुआती रुझानों में बराबरी का मुकाबला नजर आया, लेकिन बाद में कांग्रेस ने भाजपा को बहुमत हासिल करने से रोक दिया। 2017 में महज 21 सीट जीतने वाली कांग्रेस ने इस बार 40 सीटें जीत लीं।   कांग्रेस आसानी से सरकार बना सकती है, बशर्ते भाजपा निर्वाचित विधायकों में सेंध न लगा दे।

यूपी में भी भाजपा-सपा-रालोद तीनों को मुस्कराने का मौका मिला
उत्तर प्रदेश के मतदाताओं ने भी चुनाव लड़ रहे दोनों दलों को मुस्कुराने का मौका दिया। सपा मैनपुरी में जीत दर्ज करने में सफल रही। पार्टी ने मुलायम की विरासत तो बचाई ही, चाचा ने भतीजे की पार्टी में अपनी पार्टी का विलय करके सपा कार्यकर्ताओं को मुस्कुराने का मौका दे दिया। भाजपा के अच्छे दिन रामपुर से आए। जहां पार्टी को पहली बार जीत मिली। वहीं, रालोद ने खतौली सीट भाजपा से छीनकर अपने लिए खुश होने की वजह ढूंढ ली।

मुंबई सौंदर्यीकरण परियोजना को मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री के हाथों विभिन्न 500 कार्यों का भूमिपूजन

0

मुंबई सौंदर्यीकरण परियोजना को मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री के हाथों विभिन्न 500 कार्यों का भूमिपूजन

मुंबई। राज्य सरकार मुंबईकरों के लिए शहर में एक विकासात्मक बदलाव लाने की कोशिश कर रही है। रुकी हुई परियोजनाओं को पूरा करने और शहर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रमुख बनाने के लिए निश्चित रूप से आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। हर काम गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। हम अगले दो वर्षों में मुंबई को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और मुंबईकरों का हित हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी, यह आश्वासन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दिया। ज्ञात हो कि मुंबई सौंदर्यीकरण परियोजना के तहत 500 परियोजनाओं का भूमिपूजन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज गेटवे ऑफ इंडिया में किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिंदे अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष एड. राहुल नार्वेकर, विद्यालय शिक्षामंत्री तथा मुंबई शहर जिला पालकमंत्री दीपक केसरकर, महिला व बालविकास, पर्यटन मंत्री तथा मुंबई उपनगर जिला पालकमंत्री मंगलप्रभात लोढा, आमदार एड. आशीष शेलार, मुंबई महानगरपालिका आयुक्त तथा प्रशासक डॉ. इकबाल सिंह चहल, अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (शहर) आशीष शर्मा, अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (प्रकल्प) पी. वेलरासू और गणमान्य व्यक्ति रहे।
मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि मुंबई देश की आर्थिक राजधानी है। यह महानगर बहुतों के सपनों को मजबूत करने का काम करता है।
यह एक ऐसा शहर है जो सभी को समायोजित करता है। इसलिए हमारा इरादा है कि इस शहर में बुनियादी ढांचा अच्छी गुणवत्ता का होना चाहिए। हमने उस दिशा में काम करना शुरू कर दिया है। शहर में सड़कों की मरम्मत और नवीनीकरण और महत्वपूर्ण सड़कों को कंक्रीट बनाने से वे कम से कम 30 साल तक चलेंगे। उन्होंने कहा कि इस साल पांच सौ किलोमीटर सड़कों का काम हाथ में लिया जाएगा। हम मुंबई शहर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ सेनिटेशन, इंफ्रास्ट्रक्चर सुविधाओं का एक नेटवर्क तैयार करने पर जोर दे रहे हैं। पांच हजार सफाई दूतों के माध्यम से शहर को स्वच्छ रखने की योजना तैयार है। जहां एक ओर मुंबई शहर का विस्तार हो रहा है, वहीं कोलीवाडे, इसकी संस्कृति और परंपराओं को भी संस्कारित किया जाएगा। चार महीनों में ही हमने महापािलका क्षेत्र में 52 बालासाहेब ठाकरे क्लिनिक भी शुरू किया।
मुख्यमंत्री शिंदे ने विश्वाश व्यक्त किया कि अगले एक-दो महीने में मुंबई का स्वरूप बदला हुआ देखने को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष हमारे देश को जी-20 सम्मेलन की मेजबानी का गौरव प्राप्त हुआ है। इस मौके पर मुंबई और राज्य के अन्य शहरों में 14 सभाएं आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर हमें विदेशों से आने वाले विशिष्ट प्रतिनिधियों के सामने मुंबई और अपने राज्य की ब्रांडिंग करने का अवसर मिला है। पिछले साढ़े चार महीने में मुंबईकरों के हित में कई फैसले लिए गए। यहां पुरानी इमारतों के पुनर्विकास के मुद्दे को हल करने के प्रयास चल रहे हैं। मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि इसके अलावा रुकी हुई परियोजनाओं को भी हाथ में लिया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि मुंबई शहर के सौंदर्यीकरण की परियोजना बहुत अच्छी पहल है। यह परियोजना सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करने में मदद करेगी। राज्य की सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई के लिए विकास योजना तैयार करने को कहा था। इसलिए वह इस योजना के सूत्रधार हैं। मुंबई शहर में सभी सुविधाओं से युक्त शौचालय बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रोजेक्ट के लिए केंद्र सरकार फंड उपलब्ध कराएगी। साथ ही स्लम क्षेत्रों में अतिरिक्त एवं वैकल्पिक शौचालयों की व्यवस्था करने का प्रयास किया जा रहा है। अपशिष्ट जल प्रबंधन के लिए सामुदायिक वाशिंग मशीन अवधारणा का कार्यान्वयन, कई झुग्गी क्षेत्रों में जहां बिजली नहीं है, हैंगिंग लाइट अवधारणा पर काम चल रहा है। ऐतिहासिक धरोहर स्थलों के महत्व को जानकर उन्हें उसी तरह संरक्षित किया जाएगा। स्काई वॉक लोकेशन पर एस्केलेटर भी लगाए जाएंगे। आने वाले समय में ऐतिहासिक शहर मुंबई की इमारतों और सड़कों की सूरत बदलती नजर आएगी, यह जानकारी उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने दी। विधानसभा अध्यक्ष ॲड. राहुल नार्वेकर ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से मुंबई शहर के सौंदर्यीकरण के वादे को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब विकास के मामले में अपेक्षित बदलाव सबको दिखेगा।
विद्यालय शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर ने कहा कि मुंबई का गौरवशाली इतिहास रहा है। इसे और बढ़ाया जाना है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भी इसमें सहयोग कर रही है। महिला एवं बाल विकास मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने कहा कि मुंबई शहर देश की आर्थिक राजधानी है। इसे अब एक ऐसी राजधानी बनना चाहिए जो पर्यटन और रोजगार के अवसर सृजित करे। राज्य सरकार इस दिशा में प्रयास कर रही है। विधायक शेलार ने भी इस अवसर पर विचार व्यक्त किये, जबकि कार्यक्रम का परिचय आयुक्त डॉ. चहल ने दिया।

मासूम का कातिल आदमखोर गुलदार गोली से ढेर

0

मासूम अनव का कातिल आदमखोर गुलदार शूटर की गोली से ढेर

टिहरी। बीते 27 नवंबर को गुलदार ने मयकोट गांव के 12 वर्षीय बच्चे अनव को मौत के घाट उतार दिया था। आज गुरुवार को मासूम अनव का कातिल आदमखोर गुलदार ढेर हो गया। अनव की मौत से यहां ग्रामीणों में भारी गुस्सा था। जो आज गुलदार की मारे जाने के बाद शांत हुआ।

टिहरी जिले के भिलंगना ब्लाक के केमरासौड़ में सुबह चार बजे लगभग वन विभाग की टीम ने गुलदार को मार गिराया। बीते 27 नवंबर को गुलदार ने मयकोट गांव के 12 वर्षीय बच्चे अनव को मौत के घाट उतार दिया था। स्थानीय ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग ने गुलदार को नरभक्षी घोषित कर उसे मार गिराने के लिए शूटर जयहुकिल और गंभीर सिंह भंडारी को क्षेत्र में तैनात किया था।

गुलदार की लोकेशन ट्रेस करने के लिए नौ ट्रैप कैमरे और पिंजरा लगाया गया था। रेंज अधिकारी प्रदीप चौहान ने बताया कि आज सुबह गुलदार को दोनों शूटरों ने मार गिराया है। उन्होंने बताया मारा गया गुलदार मादा है, जिसकी उम्र 6 से 7 साल के लगभग है। गुलदार को पोस्टमार्टम के लिए घनसाली पशु चिकित्सालय लाया जा रहा है।

राधाकृष्ण के सेट पर गाय माता के साथ होती है अलौकिक आनंद की अनुभूति: राकेश कुकरेती

0

राधाकृष्ण के सेट पर गाय माता के साथ होती है अलौकिक आनंद की अनुभूति : राकेश कुकरेती

राधाकृष्ण के सेट पर शूटिंग करते हुए बिल्कुल ऐसा लगता है कि जैसे हम सचमुच भगवान कृष्ण के नंदगांव और राधा के गांव बरसाना गांव में ही हों और हमें गाय माता व बछड़ों के बीच एक अलौकिक आनंद की अनुभूित होती है। शूटिंग से फुरसत मिलते ही हम गायों और बछड़ों को पुचकारने भी चले जाते हैं और उनके बीच ऐसा लगता है कि हम लोग वास्तव में नगरों, महानगरों में रहकर गांंव के पवित्र एवं आनंदमयी जीवन से कोसों दूर हो जाते हैं। यह कहना है स्टार भारत में चल रहे राधाकृष्ण सीरियल में राधा के पिताश्री बृषभानु की भूमिका निभा रहे राकेश कुकरेती का। राकेश कुकरेती टेलीवुड-बालीवुड के फेमस एक्टर होने के साथ ही विज्ञापन जगत के टॉप ब्रांड मॉडल भी हैं। लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने में राकेश कुकरेती को काफी संघर्ष करना पड़ा। मायानगरी में उनका कोई गॉड फादर नहीं होने पर भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। वे लगातार मेहनत करते रहे और आखिरकार अपनी प्रतिभा के दम पर वे फिल्मों, टीवी और विज्ञापन की दुनियां में छा गये। राकेश कुकरेती ने टीवी धारावािहकों में राधाकृष्ण के अलावा लॉकडाउन की लव स्टोरी, एक बूंद इश्क, शुभारंभ, दिया और बाती हम, पुर्नविवाह, होंगे ना हम जुदा, एक्टिंग-एक्टिंग, सिलसिला प्यार का, सावधान इंडिया, सीआईडी, फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस, सिंघम रिटर्न्स, विज्ञापन आईसीआईसीआई, एचडीएफसी, टाक टू वाक, हरे दर्शन अगरबत्ती, कोलगेट, डयूरिक्स, हार्लक्स जैसे अनगिनत विज्ञापन भी किये हैं।
राकेश कुकरेती का जन्म पांच मार्च को पौड़ी गढ़वाल जिले के पहाड़ों की गोद में बसे बनवाड़ गांव में हुआ था। उनका बचपन गांव में ही बीता लेकिन पिता तपेश्वर प्रसाद कुकरेती जी सेना में होने की वजह से उन्हें गांव छोड़कर पिता के साथ पूना, मुंबई, इटारसी, सिलीगुडी, भोपाल जैसे कई शहरों में रहना पड़ा। लेकिन वे कभी भी अपने गांव काे नहीं भूल पाये। गांव का मनोरम वातावरण, खेत, गाय माता और हल लगाते बैल उन्हेें हमेशा आकर्षित करते रहे। यही वजह है कि उमरगांव में सीरियल राधाकृष्ण के सेट पर वे जब भी गाय बैल को देखते हैं तो अपने गांंव की याद में डूब जाते हैं। राकेश कुकरेती अपनी पत्नी इनाली कुकरेती, पुत्री रिद्दिमा और पुत्र रौनक कुकरेती के साथ मुंबई में रहते हैं। बाकी उनकी माता सरला कुकरेती, पिता तपेश्वर प्रसाद कुकरेती और दो भाई मुकेश और शैलेश देहरादून में सपरिवार आवासरत हैं।

(लेखक – सुनील बडोला )

आप को बंपर फायदा तो भाजपा को भी नुकसान नहीं, सिर्फ कांग्रेस की हार

0
दिल्ली । नगर निगम चुनाव 2022 के रुझानों और अब तक आए नतीजों के आधार पर एमसीडी की सत्ता आम आदमी पार्टी की झोली में है। वहीं, 15 साल बाद नगर निगम से भाजपा की विदाई भी तय  है।

दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022 के नतीजों की तस्वीर लगभग साफ हो चुकी है। रुझानों और अब तक आए नतीजों के आधार पर एमसीडी की सत्ता आम आदमी पार्टी की झोली में है तो एमसीडी से 15 साल बाद भाजपा की विदाई भी तय  है। इन आंकड़ों ने एग्जिट पोल में किए गए दावों पर भी मुहर लगा दी है। ऐसे में वोट शेयर की बात करें तो आम आदमी पार्टी को बंपर फायदा पहुंचा है, जबकि भाजपा को भी कतई नुकसान नहीं हुआ। हालांकि कांग्रेस को चौतरफा मार का सामना जरूर करना पड़ा। इस रिपोर्ट में जानते हैं कि किस पार्टी का वोट शेयर कितना रहा और 2017 के चुनावों के मुकाबले उन्हें कितना फायदा-नुकसान उठाना पड़ा।

आम आदमी पार्टी को बंपर फायदा

एमसीडी चुनाव 2022 के अब तक के रुझानों और नतीजों पर गौर करें तो आप सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई है। दिल्ली की जनता ने विधानसभा के बाद नगर निगम के लिए भी आम आदमी पार्टी और केजरीवाल पर भरोसा जताया है। वोट शेयर की बात करें तो इस चुनाव में आम आदमी पार्टी की झोली में 42.4 फीसदी लोगों ने मतदान किया, जो 2017 के नतीजों के मुकाबले कहीं ज्यादा है। दरअसल, 2017 में दिल्ली नगर निगम तीन हिस्सों में बंटा हुआ था। उस वक्त आम आदमी पार्टी को एनडीएमसी में 27.88 फीसदी, एसडीएमसी में 26.44 फीसदी और ईडीएमसी में 23.4 फीसदी वोट शेयर मिला था। अगर इनका औसत देखा जाए तो आम आदमी पार्टी को करीब 25 फीसदी वोट शेयर हासिल हुआ था।

भाजपा को वोट शेयर बढ़ा, लेकिन घट गईं सीटें

रुझानों और नतीजों पर गौर करें तो एमसीडी की सत्ता से 15 साल बाद भाजपा की विदाई है। हालांकि, वोट शेयर के मामले में भाजपा को कोई नुकसान होता नजर नहीं आ रहा है। 2022 के चुनाव में भाजपा को 39.02 फीसदी वोट शेयर मिलता दिख रहा है, जबकि 2017 के चुनावों में भगवा पार्टी को एनडीएमसी में 35.63 फीसदी, एसडीएमसी में 34.87 फीसदी और ईडीएमसी में 38.61 फीसदी वोट शेयर हासिल हुआ था। अगर औसत पर गौर किया जाए तो भाजपा को 35.5 फीसदी वोट शेयर मिला था।

कांग्रेस बेहाल, वोट शेयर धड़ाम

एमसीडी चुनाव 2022 में अगर किसी को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है तो वह कांग्रेस पार्टी है। पार्टी के न सिर्फ वोट शेयर में भारी गिरावट आई है, बल्कि उसकी सीटों की संख्या भी काफी कम हो गई है। 2022 के चुनाव में कांग्रेस का वोट शेयर महज 11.74 फीसदी रह गया। वहीं, 2017 के चुनावों पर गौर करें तो एनडीएमसी में कांग्रेस को 20.73 फीसदी, एसडीएमसी में 20.29 फीसदी और ईडीएमसी में 22.84 फीसदी वोट शेयर मिला था। इसका औसत देखा जाए तो यह करीब 21 फीसदी होता है।

संसद सत्र को प्रोडक्टिव बनाएं, जी20 की मेजबानी विश्व को भारत की ताकत दिखाने का बड़ा मौका – प्रधानमंत्री मोदी

0

नई दिल्ली: पीएम नरेंद्र मोदी ने संसद शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले इसे प्रोडक्टिव बनाने की सभी सांसदों से अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि इस सत्र में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ को नए कार्यकाल की बधाई भी दी।

नई दिल्ली: संसद का शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने जी20 मेजबानी और युवा सांसदों को लेकर मीडिया से बातचीत की। यहां उन्होंने कहा कि ये काफी महत्वपूर्ण सत्र है। भारत वैश्विक मंच पर अपनी भागीदारी बढ़ता जा रहा है। जी20 की मेजबानी भारत को मिलना बहुत बड़ा अवसर है। ये भारत के सामर्थ्य को पूरे विश्व के सामने पेश करने का बड़ा मौका है। उन्होंने कहा कि विपक्ष से मेरी बात हुई है। सदन में देश को विकास की ऊंचाई पर ले जाने के लिए नए अवसर को ध्यान में रखकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुझे भरोसा है कि विपक्ष भी इसमें साथ देगा। सभी पार्टी लीडर और फ्लोर लीडर से आग्रह है कि जो युवा सांसद है, उन्हें उज्जवल भविष्य के लिए चर्चाओं में ज्यादा अवसर दें।

पीएम मोदी ने बताया कि सत्र से पहले पक्ष और विपक्ष के कई सांसदों से उनकी अनौपचारिक बात हुई है। सभी सांसदों ने कहा कि सत्र में हल्ला और स्थगित होने के कारण देश के साथ ही युवा सांसदों का बड़ा नुकसान होता है। युवा सांसदों को इसकी पीड़ा है। इसलिए सदन का चलना बहुत जरुरी है। विपक्ष के सांसदों का कहना है कि डिबेट में हमें बोलने का मौका नहीं मिलता है। ऐसे में सभी पार्टी के नेताओं को इनकी वेदना को समझना चाहिए। सभी सांसदों से आग्रह है कि इस सत्र को प्रोडक्टिव बनाने का प्रयास करें।

मोदी ने सभापति धनखड़ को दी बधाई

पीएम मोदी ने कहा कि आज पहली बार उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ राज्यसभा के सभापति के रूप में कार्यकाल प्रारंभ करेंगे। ये उनका पहला दिन और पहला सत्र होगा। वह आज देश के गौरव को बढ़ाएंगे, सांसदों को प्रेरित करेंगे। पीएम मोदी ने इसके लिए उन्हें बधाई दी।

क्‍या अल्‍पसंख्‍यक समाज से लिया उधार न लौटा पाने पर हाथ, पांव और प्राइवेट पार्ट काटना जायज : भाजपा

0

बीजेपी का सवाल, क्‍या अल्‍पसंख्‍यक समाज से लिया उधार न लौटा पाने पर हाथ, पांव और प्राइवेट पार्ट काटना जायज?

पटना : बीजेपी के बिहार प्रदेश अध्‍यक्ष संजय जायसवाल ने भागलपुर एसपी के बयान पर सवाल उठाया है। उन्‍होंने पूछा कि अल्‍पसंख्‍यक समाज से कर्ज लेने और उसे न लौटाने पर क्‍या हाथ पांव काट देना चाहिए? उन्‍होंने कहा सरकार से मेरा अनुरोध है कि इस केस को फास्टट्रैक में ले जाकर शीघ्र से शीघ्र अपराधियों को फांसी की सजा दिलवाई जाए। पीड़ित परिवार को न्याय दिलवाया जाए। वहीं उन्‍होंने कहा कि बिहार सरकार और पुलिस की संवेदना शून्य हो चुकी है।

पटना : भागलपुर में नीलम यादव की हत्या को लेकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने भागलपुर एसपी पर लगाया बड़ा आरोप लगाया है। उन्‍होंने कहा कि एसपी का बयान बहुत है। बीजेपी प्रदेश अध्‍यक्ष संजय जायसवाल ने एसपी से अपने दिए गए बयान पर माफी मांगने को कहा है। जायसवाल ने कहा कि बिहार सरकार इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में लेजार कर पीड़ित परिवार को दिलाए इंसाफ दिलाए और दोषियों को फांंसी की सजा दिलवाए।

क्‍या अल्‍पसंख्‍यक समुदाय उधार देगा तो हाथ पांव काट लेगा?
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा है कि एसपी भागलपुर नीलम यादव की हत्या करने वाले का बचाव कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि जिस तरह से भागलपुर के एसपी कह रहे है वो बहुत ही दुखद है। भागलपुर एसपी कहना क्या चाहते हैं अगर कोई अल्पसंख्यक समाज से उधार लेगा तो उसके हाथ पैर काट दिए जाएंगे उसके प्राइवेट पार्ट को काट दिया जाएगा?

उधार नहीं लौटाने की वजह से हत्‍या की गई वाले बयान पर माफी मांगे
संजय जायसवाल ने कहा कि एसपी साहब इस मामले को किस ओर ले जाना चाहते हैं। यह अपने आप में सवाल है। उन्‍होंने कहा कि यदि कोई अल्‍पसंख्‍य समाज के लोगों से उधार लेगा और नहीं दे पाएगा तो क्‍या उसका हाथ पांव और पाइवेट पार्ट काटना जायज है? बीजेपी प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि यह बहुत ही दुखद घटना है। जिसने भी इस घटना को अंजाम दिया है वह इंसान नहीं हो सकता है। मगर पुलिस अधीक्षक ने जो बयान दिया गया है की उधार नहीं लौटाया जा रहा था इसलिए इस तरह की हत्या की गई है। यह बहुत ही दुखद बात है कि पुलिस अधीक्षक की ओर से यह बयान दिया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक को अपने बयान पर माफी मांगना चाहिए। उन्‍होंने कहा सरकार से मेरा अनुरोध है कि इस केस को फास्टट्रैक में ले जाकर शीघ्र से शीघ्र अपराधियों को फांसी की सजा दिलवाई जाए। पीड़ित परिवार को न्याय दिलवाया जाए।