Home Blog Page 575

गाय भारतीय संस्कृति में पूजनीय है। भारत में हमारे भगवान श्रीकृष्ण और भगवान शंकर ने नन्दनी और नन्दी को महत्व दिया है – राज्यपाल कलराज मिश्र

0
जयपुर/पाली, 23 सितंबर । राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि भारतीय संस्कृति और समाज में गुरु और गाय का स्थान अत्यंन्त महत्वपूर्ण है। गाय भारतीय संस्कृति में पूजनीय है। भारत में हमारे भगवान श्रीकृष्ण और भगवान शंकर ने नन्दनी और नन्दी को महत्व दिया है जिसमें इन गौवंश को अहम स्थान दिया गया है।
राज्यपाल कलराज मिश्र  शनिवार को पाली में रूप रजत विहार में रूप रजत विशिष्ट अथिति गृह व वाचनालय का उदघाटन अवसर पर आयोजित समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सभी जीवों के कल्याण में मानव मात्र का कल्याण निहित है। उन्होंने उपस्थित आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि संत महात्माओं के चिंतन को आगे बढ़ाएं और उनके सेवा संकल्पों से समाज को लाभान्वित करें। उन्होंने कहा कि मनुष्य बनने का अर्थ मानवीय मूल्यों से ओत प्रोत व्यक्तित्व है। मिश्र ने कहा कि सभी जीवों के कल्याण में मानव मात्र का कल्याण निहित है यही सनातन है। आरंभ में संविधान की प्रस्तावना व मूल कर्तव्यों का वाचन किया गया।
उन्होंने कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना और मूल कर्तव्यों का वाचन किया तथा उपस्थित भामाशाहों को सम्मानित भी किया। इससे पहले पाली आगमन पर राज्यपाल कलराज मिश्र को हेलीपैड पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया व जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने स्वागत व अगवानी की। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लहर सिंह सिरोया, विधायक ज्ञानचंद पारख उपस्थित रहे।

 

निर्माता दिलीप सोनकर के धारावाहिक “काशी विश्वनाथ” का मुहूर्त

0
अनिल बेदाग, मुंबई 
कमलाश्री फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड, वाराणसी के बैनर तले बन रहे टीवी धारावाहिक “काशी विश्वनाथ” का मुहूर्त 21 सितंबर को मुंबई के मढ आइलैंड क्षेत्र में हुआ। जहां काशी से आगत आचार्य सुरेश चंद्र शुक्ल जी, पंडित अतुल शुक्ल जी के नेतृत्व में विद्वान आचार्यों द्वारा पूजा अर्चना और वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ मुहूर्त कर शूटिंग शुरू की गई। निर्माता दिलीप सोनकर ने इस अवसर पर कहा कि टीवी सीरियल काशी विश्वनाथ के माध्यम से विश्वभर में विराट सनातन संस्कृति को पहुंचाने के उद्देश्य से इसे बनाया जा रहा है।|कमलाश्री फिल्म्स के मुंबई कार्यालय पर इस धारावाहिक के निर्माण के लिए वर्ष भर से लगभग 50 लोगों की टीम की कड़ी मेहनत के बाद इसे फ्लोर पर लाया गया है। इस धार्मिक धारावाहिक के गहरे शोध का कार्य एफटीआई पासआउट डॉक्टर डी एल कश्यप ने किया है जिनको 25  सालों से काशी पर संपूर्ण रूप से शोध करने का अनुभव प्राप्त है।  इस धारावाहिक में फिल्म और टीवी जगत के प्रसिद्ध कलाकार और अभिनेता पुराणों में वर्णित भूमिका में नज़र आने वाले हैं। प्रमुख पात्र भगवान विश्वनाथ की भूमिका गगन मालिक, पालनकर्ता भगवान श्रीहरी की भूमिका विशाल करवाल के साथ टीवी जगत के विख्यात कलाकार नज़र आएंगे। हरीश बिमानी का पार्श्व स्वर इसमे प्रयोग किया गया है जो बॉलीवुड के जाने माने पार्श्व सूत्रधार हैं, जिन्होंने बी आर चोपड़ा के सीरियल महाभारत से लेकर तमाम फ़िल्मों और धारावाहिकों में अपनी बुलंद आवाज़ दी है।
     इस धारावाहिक के क्रिएटिव प्रोड्यूसर रंजीत कावले ने कहा कि टीवी सीरियल काशी विश्वनाथ में ज्ञानवापी में स्थित आदि विशेश्वर शिव लिंग की कथा से लेकर विराट हिंदू सनातन धर्म की उत्त्पति और संस्कृति पर विस्तृत रूप से चित्रण किया जा रहा है जैसे वेदों और पवित्र पौराणिक ग्रंथों में उल्लिखित हैं।
बता दें कि पवित्र पावन भूमि काशी और उसके महत्व को दर्शाने वाली कथाओं को हुबहू पर्दे पर उतारने का अथक प्रयास सृजनात्मक निर्माता रणजीत कावले द्वारा किया जा रहा है। इसके सहयोगी निर्माणकर्ता हिमांशु तिवारी, धनजय सिंह और अजय सिंह हैं। इस सीरियल के निर्माण का बीड़ा काशी के लाल दिलीप सोनकर ने उठाया है।
उल्लेखनीय है कि इनके लोकप्रिय धारावाहिक “रणभेरी, लाल रेखा और “परशुराम” रहे हैं जो लोगों को काफी पसन्द रहे हैं। अब दिलीप सोनकर काशी विश्वनाथ की महिमा, ज्ञानवापी की कथा, आदि विशेश्वर से गौरी श्रृंगार तक की कथा को जन जन तक पहुंचाने के लिए तैयार हैं।
      उन्होंने कहा कि अगले साल तक इस सीरियल को दूरदर्शन के राष्ट्रीय चैनल के अलावा देश के कई चैनलों और ओटीटी प्लेटफार्मों पर दर्शक देख पाएंगे।
श्री दिलीप सोनकर ने बताया कि काशी महादेव शिव का आनंदवन, महाकाल का महाश्मशान, भोले शंकर की प्रिय नगरी काशी जहाँ स्वयं भगवान् शिव, बाबा विश्वनाथ के रूप में सदैव उपस्थित रहते हैं उनका कहना है कि हमारे धर्म ग्रन्थ पुराण मिथक नहीं अपितु इतिहास हैं, हमारे सनातन धर्म का आइना हैं तथा हमारी प्राचीन संस्कृति और सभ्यता के द्योतक है। उन्हीं धर्म ग्रंथों में स्पष्ट रूप से वर्णित है कि काशी संसार की प्राचीनतम नगरी है, जो भगवान् शिव के त्रिशूल के अग्रभाग पर स्थित है।
      धारावाहिक की रचना में बीजेपी के वरिष्ठ नेता पूर्व सांसद डॉ. विजय सोनकर शास्त्री जी के नेतृत्व में काशी के विद्वानों का विचार लिया जा रहा है, जिसमें काशी विश्वनाथ मंदिर से जुड़े और तीर्थ पुरोहित से लेकर वहाँ की तमाम विभूतियों को जोड़ा गया है, ताकि इस टीवी धारावाहिक काशी विश्वनाथ से जुड़ी कोई भी गाथा छूट ना जाय और पुराणों में उल्लेखित प्राणमिकता भी बनी रहे। काशी से जुड़ी  घटनाक्रमों को मनोरंजक तरीके से तैयार करने के लिए इसकी पटकथा तमाम पौराणिक धारावाहिकों की पटकथा लिखने वाले गोपाल वर्मा द्वारा तैयार की गई हैI धारावाहिक का निर्देशन शरद पाण्डेय जी द्वारा किया जा रहा है। गीतों की रचना स्वर्गीय रवीन्द्र जैन के सहयोगी सुरेश तिवारी जी कर रहे हैं। इस टीवी सीरियल में गगन मलिक, विन्ध्या तिवारी, झलक देसाई,  दीपक दत्त शर्मा,रंजीत कावले, कुणाल सिंह राजपूत, रमेश गोयल , निर्भय वाधवा, अष्टभुजा मिश्रा, ओम शंकर पाण्डेय, शिव यादव ,रिया सोनी, ब्रावनी पराशर,अरुण बक्शी, मुकुल नाग, अमन माहेश्वरी, स्वरनीम नीमा, साक्षी परिहार, राजा कापसे ,सुनील नागर आदि अनेक प्रसिद्ध टीवी सितारे नज़र आयेंगे।
     सीरियल रामायण की सीता दीपिका चिखलिया भी मुहूर्त के समय हाजिर हुईं। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ का कॉन्सेप्ट बहुत ही अच्छा है। मेरी भी कोशिश होगी कि इस धारावाहिक में मैं किरदार निभाऊं। मैं प्रोड्यूसर दिलीप सोनकर सहित पूरी टीम को बधाई व शुभकामनाएं देती हूं।

अमिका शैल अमेजोन की ‘बिल्डर्स’ वेब सीरीज में दर्शकों को मोहित करेंगी

0
अनिल बेदाग, मुंबई 
अभिनेत्री अमिका शैल एक बार फिर अपनी नई हास्यपूर्ण भूमिका में दर्शकों को मोहित करने के लिए तैयार हैं, वह आने वाले अमेज़न वेब सीरीज़ ‘बिल्डर्स’ में नई भूमिका निभाएंगी। इस बेहद प्रत्याशित कॉमेडी-ड्रामा का निर्माण आनंदेश्वर द्विवेदी, प्रशांत कुमार, और विकास शर्मा द्वारा किया गया है, और इसका निर्देशन ललितम आनंद ने किया है। ‘बिल्डर्स’ एक भारतीय शहर में एक सामान्य संघर्ष कर रहे जिम की कहानी है, जो नई सदस्यता सुनिश्चित करने की दुर्भाग्यपूर्ण चुनौती का सामना कर रहा है। स्वास्थ्य से लेकर मनोरंजन तक, जिम ब्रदर्स की सहयोग से हँसी तक, ‘बिल्डर्स’ एक अनूठी यात्रा का वादा करता है। इस सीरीज़ का निर्माण ‘द वायरल फीवर’ की एक इकाई द्वारा किया गया है, जिसे ‘द स्क्रीन पटी’ के नाम से भी जाना जाता है।
     अमीका शैल, जो अपनी विविधता और करिश्माई व्यक्तित्व के लिए प्रसिद्ध हैं, ‘बिल्डर्स’ के कलाकारों के साथ एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, जिसमें अंकित मोटघरे, स्वप्नील कोकम, अनुषा मिश्रा, विधुषी कौल, और अवतार गिल शामिल हैं। उनका जुड़ाव इस श्रृंखला को एक अद्वितीय और आनंददायक आयाम देने की उम्मीद है। अपनी उत्साह साझा करते हुए, अमिका ने कहा, “‘बिल्डर्स’ पर काम करना पूरी तरह से मजेदार रहा है। स्क्रिप्ट में हास्य और दिल से भरपूर है, पूरी टीम में सभी बहुत ही प्रतिभाशाली हैं और सर्वोत्तम शो बनाने के बारे में उत्सुक हैं। मुझे यकीन है कि दर्शक पात्रों और उनकी हास्यपूर्ण गुप्तचरों से जुड़ेंगे, जिससे यह श्रृंखला देखने योग्य हो जाएगी। मैं दर्शकों का इसके प्रति लगाव  देखने के लिए उत्सुक हूं।”
     अमीका शैल सीरीज़ में एक फिटनेस उत्साही  किरदार निभाएंगी, और उनका किरदार सीरीज़ में एक फिट मॉडल के प्रति प्यार में पड़ जाता है। “मेरे सभी प्रशंसक जानते हैं कि मैं असल जीवन में एक फिटनेस उत्साही हूं। स्क्रीन पर भी अपने आप का एक हिस्सा बनाना खुशी थी। यह किरदार किसी भी तरह से ‘साधारण’ नहीं है, और यही वजह है कि मुझे इस प्रोजेक्ट की ओर खींच लिया। यह एक मजेदार भावनाओं का रोलरकोस्टर है और दोस्ती, प्यार, और अपने सपनों का पालन करने के महत्व के बारे में है।”
    अमीका शैल के पास 2023 के अगले हिस्से के लिए रोमांचक रिलीज़ की लाइनअप है। वह एक विविधतापूर्ण गायक-अभिनेत्री हैं, जो अपने टेलीविजन और ओटीटी स्पेस में गतिशील प्रदर्शनों के लिए प्रसिद्ध हैं। अपने हास्य कौशल और पर्दे पर आकर्षक उपस्थिति के साथ, वह अपनी प्रतिभा और आकर्षण से दिलों को जीतने का काम जारी रखती हैं।

सांसद डॉ श्रीकांत एकनाथ शिंदे ने जारी किया ‘महात्मा गांधी रत्न अवार्ड 2023’ का पोस्टर

0
Mumbai – कृष्णा चौहान फाउंडेशन (केसीएफ) के संस्थापक डॉ. कृष्णा चौहान द्वारा आगामी 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी रत्न अवार्ड 2023′ के तीसरे सीजन का आयोजन अंधेरी (पश्चिम) मुम्बई स्थित मेयर हॉल में करने जा रहे हैं। महात्मा गांधी रत्न अवार्ड 2023′ का पोस्टर पिछले दिनों महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री एकनाथ शिंदे के पुत्र सांसद डॉ श्रीकांत एकनाथ शिंदे ने जारी किया। डॉ कृष्णा चौहान के द्वारा पिछले तीन वर्षों से बॉलीवुड की धरती पर कई तरह के अवार्ड क्रमशः बॉलीवुड लीजेंड अवॉर्ड, नारी शक्ति सम्मान समारोह, लीजेंड दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड बॉलीवुड आइकोनिक एवॉर्ड, और महात्मा गांधी रत्न अवार्ड का आयोजन किया जाता रहा है।
इस वर्ष गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित अवार्ड समारोह में  प्रतिष्ठित समाजसेवकों सहित उद्योगपति, डॉक्टर, पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, वकील, पत्रकार एवं बॉलीवुड से जुड़े कलाकार, टेक्नीशियन को भी सम्मानित किया जाएगा। डॉ कृष्णा चौहान पिछले दो दशक से फिल्म जगत में फिल्ममेकर के रूप में क्रियाशील हैं। इसके साथ ही वह सामाजिक कार्यों में भी हमेशा आगे रहते हैं। कोविड काल के दौरान उन्होंने न सिर्फ जरूरतमंदों को राशन वितरित किया था बल्कि सबसे बड़ी बात यह है कि कोविड काल से ही जनहित में उन्होंने ‘भगवतगीता’ बांटने का अभियान छेड़ रखा है जो अनवरत जारी है। डॉ कृष्णा चौहान न सिर्फ एक सफल बॉलीवुड डायरेक्टर हैं, एक्टिव सोशल वर्कर हैं बल्कि अवार्ड्स फंक्शन्स करने के मामले में नम्बर वन माने जाते हैं।
उनका एक अवार्ड फंक्शन सम्पन्न होता है और वह अपने अगले पुरुस्कार समारोह की तैयारियों में लग जाते हैं। डॉ कृष्णा चौहान के द्वारा निर्मित व निर्देशित म्यूजिक वीडियो ‘ज़िक्र तेरा’ युवा दिलों को धड़काने में कामयाब साबित हुआ है। उनकी नवीनतम हॉरर थ्रिलर फिल्म ‘आत्मा डॉट कॉम’ बहुत जल्द ही फ्लोर पर जाने वाली है।
प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

डॉक्टरों ने चेताया, गणेशोत्सव के दौरान जोश में आकर न नाचें

0
मुंबई : गणेशोत्सव के दौरान लोग दिल खोल कर तो नाचते हैं, लेकिन दिल का ध्यान रखना भूल जाते हैं। नाचने से कुछ लोग हार्ट अटैक के शिकार हो सकते हैं और अपनी जान भी गंवा सकते हैं। शहर के हृदय रोग विशेषज्ञों ने मुंबईकरों को जोश में आकर नाचने के बजाय होश से काम लेने की सलाह दी है। खासकर उन लोगों को खतरा अधिक है, जो पहले से ही हाइपरटेंशन और डायबिटीज से जूझ रहे हैं। पिछले वर्ष 9 सितंबर को कांदिवली में गणपति विसर्जन के दौरान नाचते समय अरुण सिंह की मौत हार्ट अटैक से हो गई थी। इस तरह के खतरों को देखते हुए डॉक्टरों ने लोगों को चेताया है कि जो लोग फिजिकल एक्टिविटी कम करते हैं, वह जोश में नहीं नाचे, अन्यथा उन्हें स्ट्रोक या फिर हार्ट अटैक आ सकता है।

ऐसा क्यों होता है

सायन अस्पताल के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ प्रशांत मिश्रा ने बताया कि सुस्त जीवनशैली और जंक फूड का सेवन करने वाले युवाओं में कोरोनरी धमनियों में भी ब्लॉकेज की समस्या उत्पन्न होती है। यदि ऐसा व्यक्ति अचानक डांस करता है, तो एड्रेनालाईन का एक बड़ा स्पंदन उत्पन्न होता है, जिससे रक्तचाप के साथ हृदय गति तेज हो सकती है। इससे दिल का दौरा पड़ सकता है या मौत भी हो सकती है।

ऐसे रहें सचेत

नायर अस्पताल के कार्डियोलॉजी डिपार्टमेंट के डॉ. राजेश जोशी ने बताया कि स्मार्ट वॉच में अगर दिल की धड़कन 100 प्रति मिनट से अधिक हो, तो आराम करें। अगर धड़कन तेज ही रहे, तो डॉक्टर से संपर्क करें। गणपति मंडल वाले भी इस बात का ध्यान रखें कि अगर कोई असहजता की शिकायत करे, तो तत्काल उसे अस्पताल ले जाएं।

हाई रिस्क लोग को जोखिम अधिक

बॉम्बे अस्पताल के कार्डियोलॉजी डिपार्टमेंट के हेड प्रो. डॉ. अनिल शर्मा ने बताया कि जो लोग हाइपरटेंशन या डायबिटीज जैसी बीमारी से जूझ रहे हैं। उन लोगों को डांसिंग, वर्कआउट और दौड़ने के दौरान दिल का दौरा पड़ता है, जिसमें तीव्र शारीरिक गतिविधि शामिल होती है। यदि कोई व्यक्ति पूरे वर्ष सुस्त रहता है और गरबा, मैराथन या कसरत के दौरान अचानक शारीरिक रूप से सक्रिय हो जाता है, तो वह कुछ ऐसा कर रहा है जिसके लिए उसका शरीर आदि नहीं है। उच्च रक्तचाप के कारण धमनियों की दीवार फट जाएगी जो उनके लिए घातक साबित हो सकती है।

Maharashtra – संजय राउत तो सबसे बड़े दलाल हैं – कैबिनेट मिनिस्टर राधाकृष्ण पाटिल

0
अहमदनगर: महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे सरकार में राजस्व मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने शिवसेना यूबीटी ने संजय राउत पर कड़ा पलटवार किया है। राउत की तरफ से प्रवारा शुगर फैक्ट्री में धांधली के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए विखे पाटिल ने कहा कि संजय राउत एक दलाल (ब्रोकर) हैं। प्रवारा शेतकारी मंडल ने राधाकृष्ण विखे पाटिल पर आरोप लगाया था कि उन्होंने अपने संगठन के लिए जाकिर नाईक से धन लिया। महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री राधाकृष्ण पाटिल प्रवारा शुगर फैक्ट्री अहमदनगर के चेयरमैन हैं। इस मुद्दे पर शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत ने भी निशाना साधा था अब विखे पाटिल ने पलटवार करते हुए संजय राउत को सबसे बड़ा दलाल (ब्रोकर) कहा है।
राउत पर किया पलटवार 
संजय राउत ने इस मुद्दे पर कहा था कि लोग घाेटालों से छुटकारा पाने के लिए बीजेपी ज्वाइन करते हैं। राउत के इस बयान का जवाब देते हुए राधाकृष्ण पाटिल ने कहा है कि संजय राउत सबसे बड़े दलाल हैंं। वह पूरी जिंदगी में यही करते आए हैं। पाटिल ने कहा मुंबई में एक घोटाले में एक मराठी व्यक्ति को धोखा दिया और फिर करोड़ों रुपये भी ले लिए। पाटिल ने कहा कि उनके ऊपर लगाए गए आरोप उन्हें बदनाम करने की साजिश का हिस्सा हैं। संगमनेर में पत्रकारों से बातचीत में पाटिल ने कहा ऐसे लोग मुझ पर आरोप लगाते हैं तो मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता है। जिन्होंने पूरी जिंदगी दलाली की है वे दूसरों के बारें में क्यों बात करें? पाटिल ने हैरानी जताई कि ऐसे बयानों को बहुत अधिक तवज्जो दी जाती है। अब देखना यह है कि संजय राउत जो अपने अंदाज में वार और पलटवार करते हैं वे पाटिल पर कैसे पलटवार करते हैं और क्या कहते हैं।
कौन हैं राधाकृष्ण विखे पाटिल?
राधाकृष्ण विखे पाटिल पहले कांग्रेस में थे। उन्होंने जून, 2019 में कांग्रेस छोड़ दी थी। वे वर्तमान सारकार में राजस्व मंत्री हैं। वह महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में आने वाली शिरडी सीट से जीत कर आते हैं। पाटिल सात बार के अपराजित विधायक हैं। पाटिल राजनीति में लंबा अनुभव रखते हैं। वह अब तक कई सीएम के साथ काम कर चुके हैं।

33 प्रतिशत आरक्षण ,मातृशक्ति के उत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम – पुष्कर सिंह धामी

0
देहरादून – लोक सभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान देने वाले नारी शक्ति वंदन विधेयक के लोकसभा में दो तिहाई व राज्यसभा में निर्विरोध पास होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किया आभार व्यक्त …!
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में मातृशक्ति के उत्थान की दिशा में यह महत्वपूर्ण व सराहनीय कदम है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की मातृशक्ति की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का इस हेतु आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इसी क्रम में राज्य सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए प्रदेश में अनेकों कार्य किये जा रहे हैं। राज्य की महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है।
आज शुक्रवार मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में केदारनाथ विधायक श्रीमती शैलारानी रावत ने मुख्यमंत्री से सदिच्छा भेंट की। उन्होंने केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं की ओर से नारी शक्ति वंदन विधेयक लोकसभा एवं राज्यसभा से पास होने पर राज्य के मुख्यमंत्री के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
विधायक शैलारानी ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री एवं प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार सराहनीय कार्य किये जा रहे हैं। महिला प्रतिभाओं को अवसर देने की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है …!

-संजय बलोदी प्रखर

बिलासपुर नगर निगम कमिश्नर कुणाल दुदावत हिंदू विरोधी है – विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल ने लगाया आरोप

0
बिलासपुर नगर निगम कमिश्नर कुणाल दुदावत को हिंदू विरोधी और गौ माता के प्रति द्वेष रखने वाला बता कर विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और गौ रक्षको ने नेहरू चौक पर पुतला दहन किया। पुतला दहन करने वालों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में बार-बार कुणाल दुदावत का हिंदू विरोधी चेहरा सामने आया है । अपने पद की शक्ति का दुरुपयोग करते हुए वे हिंदू विरोधी कार्यों को अंजाम दे रहे हैं। उदाहरण देते हुए बताया गया कि तिफरा मन्नाडोल में निजी जमीन पर बने गौशाला और मंदिर शेड को उनके निर्देश पर तोड़ दिया गया , तो वहीं 12 सितंबर को शांति नगर कृष्णा पैलेस बिलासपुर में रहने वाले राजेश किरण तिवारी के निजी जमीन पर बने उस शेड को भी तोड़ दिया गया जहां वे गौपालन कर रहे थे। बताया गया कि बिलासपुर में घर में गाय रखने के लिए शासन से अनुमति लेनी होगी।
विरोध करने वाले का गुस्सा इस बात पर है कि इस शहर में खतरनाक कुत्तों से लेकर बिल्ली, सूअर तक पालने की अनुमति है लेकिन जिस हिंदू धर्म में गाय माता की सेवा करने और घर में गौपालन करने को धर्म अनुरूप माना जाता है उसे किसी अपराध की तरह समझा जा रहा है और उसे लेकर कार्रवाई की जा रही है।

अल्मोड़ा: नगर में विचरण कर रहे 9 गौवंशीय पशुओं को भेजा गौ सदन

0

अल्मोड़ा: नगर पालिका परिषद अल्मोड़ा की नजर आवारा घूम रहे गौवंशीय पशुओं पर है, जिन्हें शहर से हटाने की कार्यवाही की जा रही है और अपने गौवंशीय पशुओं को आवारा छोड़ने वाले पशु स्वामियों के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में आज 09 पशुओं को गौ सदन पहुंचाया गया।

अधिशासी अधिकारी नगरपालिका भरत त्रिपाठी ने बताया कि आज नगरपालिका ने जिला पंचायत, पशुपालन एवं पुलिस के सहयोग से नगर क्षेत्र में विचरण कर रहे गौवंश के 09 आवारा/निराश्रित पशुओं को पकड़कर वाहन के जरिये गौ सेवा न्यास कटारमल ज्योली, अल्मोड़ा में पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि जिन पशु स्वामियों द्वारा अपने पशु नगर में आवारा छोड़े जा रहे हैं, उनके विरूद्व कार्यवाही की जा रही है। जो आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने फिर गौवंशीय पशुओं के स्वामियों से अपील की है कि वे अपने पशु को नगर में कदापि आवारा न छोड़ें। अगर पकड़े गए, तो उनके विरूद्व नियमानुसार चालानी कार्यवाही की जायेगी। आज के अभियान में पालिका के सफाई निरीक्षक लक्ष्मण सिंह भण्डारी, वन पर्यवेक्षक हरीश चन्द्र, सिटी मिशन मैनेजर मनोज कर्नाटक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Asian Games: भारतीय खिलाड़ियों के साथ चीन का भेदभाव, एशियन गेम्स में नहीं दी एंट्री – भारत का कड़ा रुख

0

हांगझोऊ, एजेंसी। चीन में चल रहे एशियाई खेल में अरुणाचल प्रदेश के खिलाड़ियों को एंट्री नहीं दी गई। इसके बाद भारत सरकार ने चीन को जोरदार जवाब दिया है। खबर के मुताबिक एशियन गेम्स में हिस्सा लेने जा रहे भारत के तीन खिलाड़ियों को चीन ने वीजा देने से इनकार कर दिया।

चीन की इस हरकत पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, “भारत सरकार को पता चला है कि चीनी अधिकारियों ने लक्षित और पहले से निर्धारित तरीके से अरुणाचल प्रदेश के कुछ भारतीय खिलाड़ियों को चीन के हांगझोऊ में होने वाले 19वें एशियाई खेलों में मान्यता और एंट्री नहीं देकर उनके साथ भेदभाव किया है।”

अरुणाचल भारत का अविभाज्य हिस्सा था, है और रहेगा- भारत

विदेश मंत्रालय ने कहा, “हमारी दीर्घकालिक और सुसंगत स्थिति के अनुरूप, भारत डोमिसाइल या जातीयता (Ethnicity) के आधार पर भारतीय नागरिकों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार को दृढ़ता से खारिज करता है। अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा।”

मंत्रालय ने आगे कहा, “चीन द्वारा हमारे कुछ खिलाड़ियों को जानबूझकर और चुनिंदा तरीके से रोकने के खिलाफ भारत ने नई दिल्ली और बीजिंग में कड़ा विरोध दर्ज कराया गया है। चीन की कार्रवाई एशियाई खेलों की भावना और उनके आचरण को नियंत्रित करने वाले नियमों दोनों का उल्लंघन करती है, जो स्पष्ट रूप से सदस्य देशों के खिलाड़ियों के खिलाफ भेदभाव को दर्शाती है।”

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इसके बाद कहा, “इसके अलावा चीन की कार्रवाई के खिलाफ हमारे विरोध के रूप में, भारत के सूचना और प्रसारण और युवा मामले और खेल मंत्री ने खेलों के लिए चीन की अपनी निर्धारित यात्रा रद्द कर दी है। भारत सरकार हमारे हितों की रक्षा के लिए उचित कदम उठाने का अधिकार सुरक्षित रखती है।”

किरेन रिजिजू ने चीन की कड़ी निंदा की
वहीं, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने चीन की कड़ी निंदा करते हुए पलटवार किया। उन्होंने एक्स पर कहा, “मैं चीन द्वारा हांगझोऊ में 19वें एशियाई खेलों में भाग लेने वाले अरुणाचल प्रदेश के हमारे वुशु एथलीटों को वीजा देने से मना करने के इस कदम की कड़ी निंदा करता हूं। यह खेल की भावना और एशियाई खेलों के संचालन को नियंत्रित करने वाले नियमों दोनों का उल्लंघन करता है, जो स्पष्ट रूप से सदस्य देशों के खिलाड़ियों के खिलाफ भेदभाव को दर्शाता है।”

उन्होंने आगे कहा कि अरुणाचल प्रदेश कोई विवादित क्षेत्र नहीं बल्कि भारत का अभिन्न अंग है। अरुणाचल प्रदेश के सभी लोग अपनी जमीन और लोगों पर चीन के किसी भी अवैध दावे का दृढ़ता से विरोध करते हैं। अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति को चीन की नाजायज़ कार्रवाई पर लगाम लगानी चाहिए।