Home Blog Page 421

25 अक्टूबर को देहरादून में गौ ध्वज यात्रा, अविमुक्तेश्वरानंद करेंगे शिरकत

0

देहरादून: 25 अक्टूबर को देहरादून में गौ ध्वज को स्थापित किया जाएगा. इसमें गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने का संकल्प लिया जाएगा. इस कार्यक्रम के लिए स्वामी शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद देहरादून पहुंचेंगे. देहरादून में जगदगुरु शंकराचार्य और गोपाल मणि महाराज गौ ध्वज की स्थापना कर गौ महासभा को संबोधित करेंगे. इसके बाद गौ ध्वज यात्रा दिल्ली रवाना हो जाएगी.

भारतीय गौ क्रांति मंच के पदाधिकारियों ने कहा गाय को पशु नहीं बल्कि माता की प्रतिष्ठा दी गई है. यही सनातन धर्मी हिंदुओं की पवित्र भावना है, इसी धार्मिक आस्था को लेकर और कानून में गाय को राज्य सूची से हटकर केंद्रीय सूची में प्रतिष्ठित कर गौ माता को राष्ट्र माता का सम्मान दिलाने के साथ ही गौ हत्या मुक्त भारत बनाने के उद्देश्य से गौ प्रतिष्ठा आंदोलन चलाया जा रहा है. ऐसे में ज्योतिष पीठाधीश्वर जगदगुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के मार्गदर्शन में समूचे भारत में गौ प्रतिष्ठा आंदोलन के तहत गौ ध्वज स्थापना यात्रा 22 सितंबर से 26 अक्टूबर तक होनी तय हुई है. ये यात्रा भारत के सभी 36 प्रदेशों की राजधानियों में पहुंचकर एक गौ ध्वज की स्थापना कर रही है.

यात्रा के राष्ट्रीय सहसंयोजक और उत्तराखंड राज्य के प्रभारी गौ भक्त विकास पाटनी ने कहा राज्य की हर राजधानी में विशाल गौ प्रतिष्ठा सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जाएगा. जिसकी शुरुआत अयोध्या से होगी. उसके बाद पूरब पश्चिम उत्तर दक्षिण होते हुए 26 अक्टूबर को देश की राजधानी दिल्ली में यात्रा पहुंचेगी. 27 अक्टूबर को यह यात्रा वृंदावन में विराम लेगी. इस यात्रा के माध्यम से जगदगुरु शंकराचार्य भारत के सभी गौ भक्तों को सम्मानित भी करेंगे.

इसी कड़ी में उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में जगदगुरु शंकराचार्य और गोपाल मणि महाराज 25 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से 3 तक गौ ध्वज की स्थापना करके गौ महासभा को संबोधित करने जा रहे हैं. इसके बाद यात्रा के समापन दिल्ली में होगा. 7,8 और 9 नवंबर को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी गौ प्रतिष्ठा महासम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा, जो गाय को राष्ट्र माता की प्रतिष्ठा दिलाने के लिए निर्णायक होगा.

ऑटो में मांस और चमड़े की हो रही थी तस्करी

0

Banswara News: बांसवाड़ा शहर में देर रात सड़क पर हंगामा हो गया. कुछ युवाओं ने सड़क से गुजर रहे एक ऑटो को रूकवाया, जिसके बाद मामला इस कदर बढ़ गया कि मौके पर पुलिस को पहुंचना पड़ा. ऑटो में मांस के साथ चमड़े के टुकड़े रखे हुए थे. इसे देखकर युवा भड़क गए और जमकर विरोध किया. मामला शहर के कस्टम तिराहे का है, जहां से गुजर रहे ऑटो में चमड़ा रखा हुआ था. करीब से गुजर रहे युवाओं को मांस की बदबू आई तो उन्होंने इसे रूकवाया. उन्होंने नवरात्रि (Navratri) के दौरान गौ मांस की तस्करी की आशंका जताई. हंगामा होने की सूचना पर राज तालाब थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन के ड्राइवर को थाने पर ले जाकर पूछताछ की.

रात 1.30 बजे गरबा खेलकर लौट रहे थे युवा

दरअसल, नवरात्रि के मौके पर शहरभर में गरबा की धूम है. रात 1:30 बजे कुछ युवा गरबा खेलकर ही घर लौट रहे थे. वह शहर के कस्टम तिराहे तक पहुंचे तो सामने से ऑटो आ रहा था. इस ऑटो में चमड़ा होने के चलते बदबू आई, इसके चलते युवाओं को गौमांस की तस्करी का शक हुआ. इस दौरान गौ रक्षक दल के कुछ सदस्य भी पहुंचे और उन्होंने इस पर आक्रोश जताया. सूचना मिलने के बाद थाना अधिकारी जाब्ते के साथ पहुंचे.

वाहन चालक समेत 2 डिटेन 

गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर दाहोद (गुजरात) का है. यह गाड़ी दाहोद से बांसवाड़ा आई थी और चमड़ा लेकर वापस दाहोद ही लौट रही थी. इस गाड़ी के ड्राइवर और एक अन्य सदस्य को पुलिस ने डिटेन कर लिया है. राज तालाब थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि दोनों सदस्यों से पूछताछ जारी है. वहीं, बॉर्डर एरिया होने के चलते गुजरात और मध्य प्रदेश में तस्करी की सूचना अक्सर मिलती रहती है. युवाओं का गुस्सा यही है कि इस तरह की कार्रवाई नहीं रूक नहीं रही है.

दवाई वाला चारा खाते ही मर गई गौशाला की सैकड़ों गाय

0

उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती की गौशाला में बीती रात डॉक्टरों की लापरवाही के चलते सैकड़ो गांव गायों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि गौशाला में कुछ गायों की तबीयत खराब थी डॉक्टरों ने आकर देखा और दवा दी. सभी गायों के चारे में डॉक्टर की दी गई दवा को मिला दिया गया, जिसके बाद एक के बाद एक गायों की मौत का सिलसिला शुरू हो गया. इसके बाद देखते ही देखते गौशाला शमशान घाट में तब्दील हो गया और सैकड़ो गायों की मौत हो गई.

दवाई खाते ही मरने लगी गाय

जिस गौशाला में ये सब हुआ हुआ, वो श्रावस्ती जनपद के गिलौला विकासखंड के काशीपुर के मूसा गांव में है. जहां पर कल कुछ गायों की तबीयत खराब थी, डॉक्टर ने आकर गायों के स्वास्थ्य की जांच की और चारे में दवा मिलकर गायों को देने को चारे में दवा मिलाई गई, और गायों को खिला दी गई. जिसके बाद गौ आश्रम केंद्र शमशान घाट में तब्दील होने लगा. एक के बाद एक गायों की मौत का सिलसिला जो शुरू हुआ तो सैकड़ो गायों की मौत हो गई.

गायों की मौत से पूरे जिले में हड़कंप

गायों की मौत से पूरे जिले में हड़कंप मच गया. आनन फानन में गौ आश्रम पहुंचे डीएम और SP ने मौके की जांच शुरू की. डीएम ने कहा कि डॉक्टरों की टीम बुलाई गई है और उच्च स्तरीय जांच भी होगी जांच में दोषी पाए गए लोगों के ऊपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ गायों को गौ आश्रम के चोरी से कर्मचारियों के द्वारा गड्ढा खोदकर दफना भी दिया गया. अब सवाल यही उठ रहा है कि गौशाला में हुई सैकड़ों गायों की मौत की जिम्मेदार कौन है.

राजनीति के नये मुद्दे जलेबी,चूरमा और लड्डू* 

0
(राकेश अचल -विभूति फीचर्स)
आप मानें या न मानें लेकिन हकीकत ये है कि  कड़वाहट से भरे नेताओं को भी मिष्ठान प्रिय होते हैं,भले ही नेता मधुमेह के शिकार हों लेकिन मिष्ठान सामने आ जाये तो पीछे नहीं हटता । देश के पूर्व प्रधानमंत्री और ग्वालियर के सपूत अटल बिहारी वाजपेयी को बहादुरा के लड्डू और गुलाब जामुन प्रिय थे,हालांकि वे चाची के मंगौड़ों के भी मुरीद थे। जब तक अटल जी  रोग शैय्या पर नहीं गए थे तब तक इन लड्डुओं और मंगौड़ों  का सेवन करते रहे। वाजपेयी जी से मिलने वाले उनके रिश्तेदार हों या और कोई यदि उन्हें बहादुरा के लड्डू भेंट करते थे तो उनके मुखमंडल पर एक स्निग्ध मुस्कान तैरने लगती थी। पूर्व राष्ट्रपति डॉ शंकर दयाल शर्मा जलेबी के शौकीन थे । वे राष्ट्रपति भवन में आगंतुकों को भी जलेबी ही खिलते थे।  
हाल ही में तिरुपति के प्रसादम में मिलने वाले लड्डुओं के विवाद के बावजूद ग्वालियर में न बहादुर के लड्डुओं के प्रेमियों की संख्या कम हुई है और न लखनऊ में ठग्गू के लड्डुओं की। लड्डू  है ही ऐसी मिठाई जिसे हर जाति और धर्म के लोग खाते हैं। लड्डू मेरे हिसाब से मिठाइयों का राजा है।  कायदे से उसे अब तक राष्ट्रीय मिष्ठान घोषित कर देना चाहिए था। मुमकिन है कि महाराष्ट्र  सरकार ने जैसे हाल ही में गाय को राज्य माता का दर्जा दिया है वैसे ही आने वाले दिनों में कोई लड्डू प्रेमी सरकार लड्डू को भी राज्य या राष्ट्र मिष्ठान का दर्जा दे दे। हमारे यहां दर्जा देना या पेरोल देना बहुत आसान काम है।
हरियाणा विधानसभा के चुनाव प्रचार में गोहाना पहुंचे लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता और  राहुल गांधी भी जलेबी नाम के एक मिष्ठान के मुरीद हो गए। गोहाना की चुनवाई सभा के  मंच पर राहुल गांधी ने मातूराम हलवाई की जलेबी का स्वाद चखा। दीपेंद्र हुड्डा ने राहुल गांधी को अपने हाथों ये जलेबी खिलाई। राहुल को  इसका स्वाद इतना पसंद आया कि उन्होंने एक डिब्बा अपनी बहन प्रियंका गांधी के लिए पैक करवा लिया। उन्होंने अपनी रैली में भी इस जलेबी का जिक्र किया। बता दें कि लाला मातूराम की जलेबी कोई सामान्य जलेबी नहीं है, इनका आकार सामान्य जलेबी से ज्यादा बड़ा है। एक जलेबी ढाई  सौ  ग्राम तक की होती  है।
जलेबी केवल हम भारतीयों को ही नहीं बल्कि भारत के बाहर तमाम इस्लामिक राष्ट्रों की जनता को भी प्रिय है ।  वे इसे हिन्दू मिठाई मानकर इसका तिरस्कार नहीं करते।  जानकार बताते हैं कि  जलेबी भारतीय उपमहाद्वीप व मध्यपूर्व की एक लोकप्रिय मिठाई  है। यह किसी कर्ण कुंडल की तरह ऐसी रसभरी होती है कि  आप इसे खाये बिना रह नहीं सकते । कोई इसे दूध में डालकर खाता है तो कोई रबड़ी डालकर । किसी को जलेबी दही के साथ खाना पसंद  है लेकिन खाते सब है।  कहीं जलेबी बहुत छोटे आकार की बनती है तो गोहाना में 250  ग्राम की एक।  सागर में तो जलेबी में मावा भरा जाता है।   स्वाद में मीठी और खमीर की वजह से हल्की सी खट्टी जलेबी की लोकप्रियता ऐसी है कि हमारे यहां सुंदर  महिलाओं का नाम तक जलेबी बाई भी रखा जाता है।जलेबी की लोकप्रियता का अंदाजा  आप इसी से लगा सकते हैं कि  हमारे यहां जलेबी बाई फ़िल्मी गीत भी है ,बेव सीरीज भी है और कार्टून श्रंखला भी ।
जलेबी की धूम मैंने अपनी अनेक विदेश यात्राओं में भी देखी। भारत के अलावा  बांग्लादेश, पाकिस्तान, ईरान के साथ समस्त अरब देेेशों में भी यह जानी-पहचानी है। मैंने तो स्पेन में भी जलेबी खाई। अमेरिका में तो जलेबी आसानी से मिल जाती है। जलेबी की तारीफ़ कर इसके जरिये रोजगार की बात कर राहुल गांधी भले ही अपने विरोधियों द्वारा ट्रोल किये जा रहे हों लेकिन इससे जलेबी का तो भला ही हुआ।वैसे भी हमारे राम जी सभी का भला करते हैं  ।
जलेबी के बाद आइये बात करते हैं चूरमा की । चूरमा राजस्थान का अघोषित राज्य मिष्ठान है और इसकी धूम देश-विदेश तक है ।  हाल ही में हमारे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी भी चूरमा खाकर  न सिर्फ गदगद हो गए बल्कि उन्हें अपनी दिवंगत माँ की याद भी आ गयी । भारत के स्‍टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा की मां ने ये चूरमा भेजा था ।  मोदी जी ने चूरमा न सिर्फ खुद खाया बल्कि जमैका के प्रधानमंत्री को भी खिलाया और भावुक होकर नीरज की माँ श्रीमती सरोज देवी  को एक आभार पत्र भी लिख दिया । नीरज की माँ को मोदी जी ने खुद पत्र  लिखा । ये चूरमे  की ही  ताकत  तो थी ।   मोदी जी ने लिखा -, “आज इस चूरमे को खाने के बाद आपको पत्र लिखने से खुद को रोक नहीं सका। भाई नीरज अक्‍सर मुझसे इस चूरमे की चर्चा करते हैं, लेकिन आज इसे खाकर मैं भावुक हो गया। आपके अपार स्‍नेह और अपनेपन से भरे इस उपहार ने मुझे मेरी मां की याद दिला दी।”
अब आप समझ ही गए होंगे कि  मिष्ठान चाहे कोई भी हो बहुत ताकतवर चीज है। मिष्ठान शुष्क से शुष्क आदमी को भी सरस बना सकता है। मिष्ठान कड़वाहट मिटाने का सबसे बढ़िया विकल्प है ,आप इसे कड़वाहट  का ‘ ऐंटी डोज ‘ भी कह सकते हैं शायद इसीलिए हमारे यहां तीज-त्यौहारों पर मिठाइयों का आदान-प्रदान किया जाता है। मैं तो कहता हूँ कि  मिष्ठान बिना जग सूना है। सियासत में बढ़ती कड़वाहट और अदावत को मिष्ठान के जरिये दूर किया जा सकता है,फिर मिष्ठान चाहे लड्डू हो,जलेबी हो,चूरमा हो या बंगाल का रसोगुल्ला। मैं तो कहता हूँ कि  बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर स्वच्छता पखवाड़ा मानते हुए आम जनता को रसोगुल्ला वितरित करना चाहिए था। यदि ऐसा होता  तो प्रधानमंत्री जी और उनकी पार्टी के तमाम लोग संदेशखाली और कोलकाता जैसे मुद्दे उठाना भूल जाते।
देश में पुरखों की विदाई के बाद देवी स्वरूपा  दुर्गा का आगमन हो चुका है ।   हमें इन नौ दिनों में मिष्ठान के जरिये सौहार्द की वापसी की कोशिश करना चाहिए। मुहब्बत  की दुकान खोलने से आपको ऐतराज हो सकता है किन्तु मिष्ठान की दुकान खोलने से नहीं।  यदि यही  मिष्ठान हमारे लिए रोजगार पैदा करने लगे तो भी क्या बुरा है।  मिष्ठान भी किसी मंगौड़े से कम नहीं है। हम तो 8  अक्टूबर को हरियाणा और जम्मू -कश्मीर के सभी नए विधायकों से मिठाई खाएंगे।(विभूति फीचर्स)

महाराष्ट्र की राजनीति में राजमाता बनी गौमाता

0
राकेश अचल 
आप मानें या न मानें लेकिन मुझे ये लग रहा है कि  देश के तमाम चौपाये गाय की किस्मत से जल-भुन रहे होंगे,क्योंकि उसे महाराष्ट्र की सरकार ने राजमाता घोषित कर दिया है ।  राजमाता कहिये या राज्य माता अर्थ एक ही है। ये सम्मान पाने के लिए पुराने  सामंतों परिवारों की महिलाएं तरस जाया करतीं थीं ।  पशुओं  में तो किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि  कलिकाल में जाकर गाय किसी राज्य की राजमाता बन जाएगी। मैं देश-दुनिया के तमाम चौपाया परिवार की ओर से गाय को इस सम्मान के लिए दिल से बधाई देता हूँ।
‘ गाय ‘ देश का सबसे  निरीह चौपाया है ,लेकिन भारतीय समाज में ‘ गाय ‘ को माता का दर्जा हासिल है तो एक बड़े हिस्से में उसके मांस को बड़ी लज्जत के साथ भक्षण भी किया जाता है। सनातनी तो गाय की पूंछ पकड़ कर वैतरणी पार करने का यकीन रखते हैं।  पहले ये विश्वास  मनुष्यों तक सीमित था लेकिन अब सियासत में भी सियासी दल चुनावी वैतरणी पार करने के लिए ‘ गाय ‘ को ठीक उसी तरह राजमाता बना रहे हैं जैसे की ‘ गधे ‘ को वक्त पड़ने पर बाप बनाया जाता है।
वैसे ‘ गाय ‘ और ‘ गधे की राशि एक ही है किन्तु दोनों के बीच कोई तुलना ,कोई बराबरी नहीं है।  गाय को माता बनाया जाता है और गधे को बाप। ये सिद्धांत मेरे या आपके नहीं बल्कि भारतीय  समाज के हैं।  ये मान्यताएं भी सनातन ही समझिये।  जबसे मनुष्य ने गाय और गधे को अपना सहचर बनाया है शायद तभी से ये मान्यताएं,ये कहावतें   समाज में प्रचलित हैं। अब यदि ये प्रचलित हैं तो निश्चित ही इनका कोई आधार भी रहा होगा। फ़िलहाल बात गाय की हो रही है।गाय और गधे में केवल एक ही समानता है कि दोनों बड़े ही धैर्यवान हैं। हालाँकि दोनों को लात मारना आता है।
गाय पर हमारे पुरखा पत्रकार स्वर्गीय राजेंद्र माथुर ने भी लिखा और साथी गिरीश पंकज ने भी। महात्मा गाँधी ने गाय के बजाय बकरी को प्राथमिकता दी ,लेकिन उनकी कांग्रेस ने गाय को ही नहीं उसके बछड़े को और उसके पति बैल को भी सम्मान दिया।  एक जमाना था जब कांग्रेस का चुनाव चिन्ह दो बैलों की जोड़ी होता था और बाद में ये गाय-बछड़ा भी बना। इस सात्विक चौपाये ने कांग्रेस की हमेशा मदद की।  कांग्रेस को अनेक बार चुनावी वैतरणी  पार करायीं। कांग्रेस को हुए फायदे को देखकर अब महाराष्ट्र सरकार ने गाय को अपने सूबे की राजमाता घोषित कर दिया।ये इसलिए हुआ क्योंकि महाराष्ट्र  नवंबर में विधानसभा के चुनाव होना हैं।
गाय सबका सहारा होती है । जब हम सब छात्र हुआ करते थे तब गाय हमारा भी सहारा थी।  परीक्षा में हर बार गाय पर निबंध लिखने का विकल्प होता था और हम बच्चे किसी और विषय पर निबंध लिखने के बजाय गाय पर निबंध लिखना पसंद करते थे। गाय केवल एक पशु ही नहीं बल्कि हमारी मान्यता भी है ।  हमारे समाज में गाय को सबसे सीधा चौपाया माना जाता है। उसके इसी स्वभाव की वजह से कहावत तक बन गयी ।  हमारे यहां अक्सर सीधे पुरुष और महिला को गाय ही कहा  जाता है । कृषि प्रधान देश में एक जमाने में गाय को सचमुच राजमाताओं जैसा सम्मान मिलता था ,क्योंकि वे कृषि के लिए बैल जनती थीं। उस जमाने में जिस किसान के घर जितनी ज्यादा गायें और जितनी ज्यादा बैल जोड़ियां होतीं थीं,उसे उतना समृद्ध माना जाता था। घर-घर में गौशालाएं थीं। तब गायों को सड़कों पर गलियों में आवारगी करने की न छूट थी और न मजबूरी।
कालांतर में भारत कृषि प्रधान देश  तो है किन्तु आज न किसानों का सम्मान है और न गायों का।  अब खेती  बैलों की जोड़ियों   से नहीं मशीनों से होती है ।  बैलों  की जगह ट्रेक्टरों ने ले ली है।  कटाई मजदूरों के पेट पर हार्वेस्टर लात मार चुके हैं। ऐसे में गायों और बैलों का बेरोजगार और महत्वहीन होना स्वाभाविक है। अब गाय और बैल पाले कौन ? आज के समय में तो आदमी  के लिए अपना पेट पालना  ही मुश्किल  हो रहा है ।
85  करोड़ लोग पेट पालने के लिए सरकार पर निर्भर हैं। सरकार अपने वोटर पाले या गाय ? यहां तक कि गाय को राजमाता का सम्मान देने वाले भाजपा के कार्यकर्ता और नेता तक गाय या बैल नहीं पालते ।  उन्हें या तो सड़कों पर छोड़ दिया जाता है ,या वे कत्लगाहों के काम आते है।  जहाँ  उनके मांस को डिब्बों में बंद कर बाजारों में बेच दिया जाता है। आप हैरान होंगे कि गाय-बैल का मांस बेचने  वाले विधर्मी नहीं बल्कि सनातन धर्म के मानने वाले ही हैं। महाराष्ट्र सरकार ने गाय को राज्यमाता का दर्जा दे दिया है।  यह बड़ा कदम चुनाव से पहले उठाया गया है।  सरकार ने कैबिनेट बैठक में यह फैसला सुनाते हुए कहा कि वैदिक काल से भारतीय संस्कृति में देशी गाय की स्थिति, मानव आहार में देशी गाय के दूध की उपयोगिता रही है।
यह फैसला जारी करते हुए कहा गया कि वैदिक काल से भारतीय संस्कृति में देशी गाय की स्थिति, मानव आहार में देशी गाय के दूध की उपयोगिता, आयुर्वेद चिकित्सा,पंचगव्य उपचार पद्धति तथा जैविक कृषि प्रणालियों में देशी गाय के गोबर एवं गोमूत्र के महत्वपूर्ण स्थान को ध्यान में रखते हुए देशी गायों को अब से ‘राज्यमाता गोमाता’ घोषित करने की मंजूरी दी गई है। हम महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ  शिंदे को इस फैसले कि लिए बधाई देते हैं। हमें उम्मीद है कि अब महाराष्ट्र में तो गाय बच ही जाएगी ।
देश के जिन राज्यों में डबल इंजिन की सरकारें हैं वे भी आज नहीं तो कल गाय को राजमाता का दर्जा दे ही देंगीं। भारत को कोई भी नागरिक,कोई भी मतदाता गाय को दिए गए इस सम्मान का विरोध नहीं कर सकता। करना भी नहीं चाहिए  आखिर गौशालाओं के नाम पर पलने वाले नेता और बाबा भी तो बहुत हैं। देश भले ही मंगल ग्रह पर पहुंच गया हो लेकिन विकास की हकीकत ये है कि आज भी सड़क परिवहन का एक बड़ा भाग आज भी बैलगाड़ी पर निर्भर है।
देहाती ईंधन का अधिकांश भाग तथा शहरी ईंधन का लगभग 20 प्रतिशत भाग गोबर का होता है। गौ-दुग्ध में समस्त पोषक तत्व पाए जाते हैं। पिछड़े वर्ग के लोगों और वनवासियों की आय का साधन भी गौ-वंश है। गाय से प्राप्त ऊर्जा पर्यावरण प्रदूषण फैलाने की जगह उसे रोकती है तथा दुग्ध पाउडर व रासायनिक खादों के रूप में देश से बाहर जाने वाली देशी मुद्रा की बचत करती।  गाय केवल सियासत के ही नहीं बल्कि धार्मिक नेताओं के काम भी आती है। ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती हिंदुओं के लिए पूज्य गायों की रक्षा के लिए देशभर में एक लाख ‘गौ ध्वज’ स्थापित करने कि अभियान में लग गए हैं।हमारे प्रधानमंत्री जी  को आपने  हाल  में ही एक बछिया  को ‘ किस ‘ करते हुए देखा ही होगा।
सरकारी आंकड़ों कि मुताबिक इस समय देश में गायों की संख्या 19  करोड़  से ज्यादा है। एक समय था, जब देश की जनसंख्या 38 करोड़ हुआ करती थी और गौ वंश 117 करोड़ हुआ करता था। आंकड़े बताते हैं कि   बीफ एक्सपोर्ट में भारत अब विश्व में दूसरे नंबर पर पहुँच गया है।  भारत ‘मिथुन’ और ‘जलीय भैंस’ का निर्यात कर रहा है। सन् 2023 में भारत ने 1,475 टन बीफ और बछड़े का मांस एक्सपोर्ट किया है। खैर जो है सो है। अब यदि राजमाता बनने कि बाद हमारी गायों को राजमाताओं जैसा सुख भी मिलने लगे तो सबसे ज्यादा ख़ुशी मुझे होगी क्योंकि मुझे भी गाय बहुत पसंद है।  मैं यदि फ़्लैट  में न रह रहा होता तो एक गाय जरूर पालता।(विनायक फीचर्स)

Navratri Special – बंगाल का सिद्ध शक्तिस्थल तारापीठ* 

0
(शिव शंकर सिंह पारिजात-विनायक फीचर्स)
तारापीठ बंगाल का एक प्रमुख शक्तिस्थल है जो पटना-हावड़ा लूप रेल लाईन पर झारखंड-बंगाल की सीमा पर रामपुर हाट स्टेशन (बीरभूम जिला) से करीब 8 किमी  दूर द्वारिका नदी के तट पर स्थित है। कोलकाता से यह 213 कि.मी. और पटना से (वाया जमालपुर-भागलपुर) 389 कि.मी. की दूरी पर स्थित है। रेल के अलावा यहां सड़क मार्ग से भी देश के किसी भी कोने से पहुंचा जा सकता है।
बंगाल में शक्ति-पूजा की प्राचीन परम्परा है। यहां के घर-घर में देवी काली की पूजा होती है जिनके मंदिर यहां के हर गली-मुहल्लों में देखने को मिल जायेंगे। तारापीठ में आद्या देवी शक्ति की अवतार मां तारा विराजती हैं। इस स्थल की मान्यता एक जाग्रत शक्ति पीठ एवं तंत्रपीठ के रूप में है जहां आराधकों और साधकों की विनती शीघ्र सुनी जाती है। मां तारा सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य-आरोग्य व ज्ञान-साधना की देवी मानी जाती हैं। यही कारण है कि बिहार, बंगाल और झारखंड सहित देश के कोने-कोने से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु यहां तारा माँ के दर्शन हेतु यहां आते हैं एवं भक्ति पूर्वक पूजन-अर्चन कर मनोवांछित फल पाते हैं।
शक्ति-पीठ तारापीठ के बारे में ऐसी मान्यता है कि यहां देवी की आंख का तारा गिरा था जिसकी कथा दक्ष प्रजापति के यज्ञ और माता पार्वती के हवन-कुंड में दाह से जुड़ी है। जब पिता द्वारा अपने पति की अवहेलना से व्यथित पार्वती ने हवन-कुंड में कूदकर आत्मदाह कर लिया और इससे उन्मत्त होकर शिव उनके शव को लेकर तीनों लोक में फिरने लगे तो भगवान विष्णु ने देवी के शव को सुदर्शन चक्र से काट डाला जिसके 51 टुकड़े विभिन्न स्थानों में गिरे जिनकी मान्यता 51 शक्तिपीठों में हुई। तारापीठ में देवी की आंखों के तारे गिरे थे, इस कारण इसकी प्रसिद्धि तारापीठ के नाम से हुई।  एक मान्यता यह भी है कि यह स्थल बिहार के महेशी में है।
देवी तारा की गणना दश महाविद्याओं में होती है जो शक्ति के रूप में देवी का तांत्रिक अवतार मानी जाती हैं । जिनका निवास-स्थान श्मशान होता है। अपने भक्तों की आराधना एवं तंत्र साधकों की साधना से देवी शीघ्र प्रसन्न हो जाती हैं।
देवी तारा के आविर्भाव के संबंध में ‘कालिका पुराण’ में वर्णित है कि शुंभ व निशुंभ दानवों से पराजय के बाद जब देवतागण हिमालय में जाकर देवी मातंगी का आह्वान करने लगे तो उनके शरीर से महासरस्वती स्वरूप श्वेत वरणवाली कौशिकी के साथ काले वरणवाली काली अथवा उग्रतारा प्रकट हुई थीं। देवी तारा नील वरण की चार भुजाओं वाली होती हैं जिसमें वे तलवार, खप्पर, कटार और नील कमल धारण करती हैं।
धार्मिक ग्रंथों में करूणामयी तथा कल्याणमयी तारा माँ के आठ रूपों की चर्चा है जो उग्र तारा, नील सरस्वती, एकजटा भवानी, महोग्रा, कामेश्वरी, चामुण्डा, वज्र और भद्रकाली आदि नामों से भी जानी जाती हैं। वशिष्ठ मुनि द्वारा पूजित होने के कारण माँ का एक नाम वशिष्ठ आराधित तारा भी है।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार वशिष्ठ मुनि ने तारा मंदिर के निकट द्वारिका नदी के तट पर स्थित श्मशान में तारा माँ की आराधना की थी जिसके कारण ये वशिष्ट आराधित तारा के नाम से भी जानी जाती हैं।  स्थानीय परम्परा के अनुसार मुनि वशिष्ठ ने इस स्थान को इस कारण अपनी साधना के लिये चुना क्योंकि इसकी प्रसिद्धि सिद्ध पीठ के रूप में थी।
बताते हैं कि वशिष्ट मुनि ने यहां कठोर तपस्या करते हुए 3 लाख तारा मंत्रों के जाप किये थे जिससे प्रसन्न होकर देवी उनके समक्ष प्रकट हुई। वशिष्ठ के अनुरोध पर देवी ने उन्हें भगवान शिव को दुग्ध-पान कराते हुए मातृ स्वरुप में दर्शन दिये जिसके उपरांत वे शिलामूर्ति में परिवर्तित हो गईं। बाद में द्वारिका नदी के तट पर स्थित श्मशान, जहां वशिष्ट मुनि ने तपस्या की थी,  से प्राप्त तारा माँ की शिलामयी प्रस्तर मूर्ति को मुख्य तारा मंदिर में लाकर प्रतिष्ठित किया गया है जिसके ऊपर देवी की चांदी की मुखाकृति आवेष्ठित कर दी गई है जिसका दर्शन-पूजन श्रद्धालुगण करते हैं। प्रतिदिन देर रात्रि में भक्तों को देवी तारा के शिलारुप का दर्शन कराया जाता है।
देवी के द्वारा मातृरूप में भगवान शिव के दुग्धपान कराने का प्रसंग पौराणिक समुद्र मंथन की घटना से जुड़ा हुआ है। कहते हैं कि समुद्र मंथन से निकले विष का पान करने से जब उसकी ज्वाला से वे विह्वल हो उठे, तो देवी पार्वती ने उनको मातृस्वरूप धारण कर दुग्धपान कराया था जिसके पश्चात उनके कंठ की ज्वाला शांत हुई थी। जिस मंदार पर्वत से समुद्र मंथन किया गया था, वो तारापीठ से करीब 137 कि.मी. (वाया दुमका-हंसडीहा) पर बौंसी ( बांका जिला, बिहार) में अवस्थित है। मुख्य तारा मंदिर के निकट स्थित श्मशान में वशिष्ठ मंदिर तथा पंचमुंडी मंदिर निर्मित है जहां साधना करते साधकों को देखा जा सकता है। जाने-माने इतिहासकार विलियम डेलरिंपल ने भी अपनी पुस्तक ‘नाईन लाइव्स: द लेडी ट्वीलाईट’ में तारापीठ की अलौकिक कहानियों के उल्लेख किये हैं।
हिंदू धर्मावलंबियों की तरह बौद्ध धर्म में भी देवी तारा का  महात्यम है। बौद्ध धर्म में भी ये शाक्त देवी के रूप में पूजी जाती हैं। बौद्ध धर्म में शाक्त धर्म से ही देवी तारा का प्रवेश हुआ है। ‘डेवलपमेंट ऑफ बुद्धिस्ट आईकोनोग्राफी इन इस्टर्न इंडिया’ में मल्लार घोष कहते हैं कि तारा का आविर्भाव पुराणों में वर्णित देवी दुर्गा से हुआ है। वे शाक्त धर्म के साथ बौद्ध धर्म में भी दश महाविद्याओं में एक मानी जाती हैं।
बौद्ध धर्म की तिब्बती मान्यताओं में आर्यतारा महायान में नारी बोधिसत्व और वज्रयान में नारी बुद्ध के रूप में पूजित हैं जो मुक्ति व सफलता प्रदान करती हैं। कतिपय मूल बौद्ध ग्रंथों में तारा को सभी तथागतों की माता बताया गया है। तिब्बती बौद्ध धर्म में श्वेत तारा और हरित तारा की विशिष्ट मान्यता है। वज्रयान और तंत्रयान के विशिष्ट केंद्र के रूप में प्रसिद्ध विक्रमशिला बौद्ध महाविहार के आचार्य दीपंकर श्रीज्ञान अतिश की आराध्य देवी तारा ही थीं।
मां तारा के अनन्य भक्त बामाखेपा अर्थात बामदेव का उल्लेख किये बिना तारापीठ की चर्चा अधूरी है। कहते हैं उन्हें माँ का दर्शन प्राप्त हुआ था। तारापीठ में माँ के मंदिर परिसर में ही बामदेव का भी मंदिर है। ऐसा विरले होता है कि एक ही स्थान पर भक्त के साथ उनके भगवान की भी पूजा होती हो।
तारापीठ का मुख्य मंदिर अत्यंत भव्य और आकर्षक है तथा बंगाल की पारम्परिक चाला रीति में निर्मित है। लाल सुर्ख ईंटों से बने इस मंदिर की दीवारों पर विभिन्न देवी-देवताओं की मूर्तियों के अलावा रामायण के प्रसंग भी अंकित हैं।
यह उन दिनों की बात है जब तारापीठ नाटोर स्टेट के अन्तर्गत आता था जो तत्कालीन पूर्व बंगाल (वर्तमान बांग्लादेश) में पड़ता था। 34 हजार वर्ग किलोमीटर में फैले डेढ़ करोड़ के राजस्व वाले नाटोर स्टेट की रानी भवानी  कुशल शासक के साथ बहुत ही धार्मिक स्वभाव की थी और मां तारा के मंदिर के निर्माण, जीर्णोद्धार तथा प्रबंधन-व्यवस्था में उनका विशेष योगदान था।  वाराणसी के प्रसिद्ध दुर्गा कुंड मंदिर के अलावा  जैसोर जिला गजेटियर में ओ’ मोली बताते हैं कि रानी भवानी ने 380 मंदिरों तथा धर्मशालाओं के निर्माण करवाये थे।
बामाखेपा एक सिद्ध तांत्रिक  थे तथा मंदिर के बगल में स्थित श्मशान रहते थे। बामा मां के रूप में देवी तारा की आराधना करते थे तथा उनके साथ पुत्रवत उन्मुक्त व्यवहार करते थे जिसके कारण मंदिर के पुजारी उन्हें बीच-बीच में प्रताड़ित करते रहते थे।
इस संबंध में अपनी पुस्तक में डेविड आर.किंसले एक घटना का जिक्र करते हुए कहते हैं कि एक बार बामा ने तारा मां को भोग लगाने के पहले ही प्रसाद उठाकर खा लिया जिससे क्रोधित होकर पुजारियों ने उन्हें मंदिर से निकाल बाहर कर दिया। मां के वियोग में बामा बगल के श्मशान में एक  पेड़ के नीचे मां की रट लगाते हुए विलाप करने लगे।
कहते हैं अपने पुत्र की इस दशा से मां तारा ने विह्वल होकर नाटोर स्टेट की रानी को स्वप्न दिया है कि मेरा पुत्र श्मशान में भूखा पड़ा है, तो मैं तुम्हारा भोग कैसे स्वीकार कर सकती हूं, पहले उसको भोजन दो। देवी के आदेश का रानी ने तत्काल पालन किया और तब से देवी को भोग लगाने के पूर्व बामा को भोजन देने की परिपाटी चल पड़ी। ऐसी मान्यता है कि मां तारा ने बामा खेपा को दर्शन दिये थे।
तारापीठ में मुख्य मंदिर के सामने एक पोखर है जो जीवंतो पोखर कहलाता है। कहते हैं एक व्यापारी का मृत पुत्र इस पोखर में स्नान कराने से जी उठा था। तारा पीठ में पूजा करने के पूर्व भक्तगण इस सरोवर में स्नान करते हैं। हाल ही में सरकार ने पूरे तारापीठ के साथ इस पोखर का सौन्दर्यीकरण कराया  है जिससे यहां की खूबसूरती काफी बढ़ गयी है।
माँ तारा को जवा, कमल और नीले फूल अत्यंत प्रिय हैं, इस कारण श्रद्धालुगण इन्हें आवश्यक रूप से माँ को अर्पित करते हैं। ऐसे तो यहां साल भर भक्तों का तांता लगा रहता है, किंतु शनिवार और रविवार-सोमवार को माँ तारा का दर्शन-पूजन परम आनन्ददायक तथा फलदायी माना जाता है।(विनायक फीचर्स)

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर केवीआईसी ने देश भर के लाखों खादी कारीगरों को दी खुशियों की सौगात

0
मुंबई /नई दिल्ली (अनिल बेदाग): खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी), सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई), भारत सरकार के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार ने गांधी जयंती के अवसर पर, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के गरीब कल्याण के विजन को विस्तार देते हुए, देश भर के लाखों खादी कारीगरों की पारिश्रमिक बढ़ाने की घोषणा की। चरखे पर सूत कातने वाली कत्तिनों की पारिश्रमिक में 25 प्रतिशत और करघे पर बुनायी करनेवाले बुनकरों की पारिश्रमिक में 7 प्रतिशत की वृद्धि की गई। इसके साथ ही, गांधी जयंती के अवसर पर नई दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित फ्लैगशिप ‘खादी भवन’ समेत देश भर में खादी उत्पादों पर 20 प्रतिशत और ग्रामोद्योग उत्पादों पर 10 प्रतिशत छूट की भी शुरुआत हुई।
पूज्य बापू की जयंती के अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण तथा रसायन व उर्वरक मंत्री श्री जे.पी. नड्डा, केंद्रीय एमएसएमई मंत्री श्री जीतन राम मांझी, केंद्रीय एमएसएमई और श्रम व रोजगार राज्य मंत्री सुश्री शोभा कलंदलाजे समेत केवीआईसी अध्यक्ष श्री मनोज कुमार और कई गणमान्य लोगों ने परंपरा के अनुसार बाबा खड़क सिंह मार्ग स्थित खादी भवन में खरीददारी कर गांधी जयंती के अवसर पर खादी उत्पादों पर शुरू होने वाली विशेष छूट का शुभारंभ किया। केंद्रीय मंत्री श्री जे.पी नड्डा ने खादी के कुर्ते का कपड़ा और ग्रामोद्योग उत्पाद खरीदे और ऑनलाइन माध्यम से भुगतान किया। मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने देशवासियों से खादी के उत्पाद खरीदने की अपील की। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री एमएसएमई श्री जीतन राम मांझी ने भी मीडिया के माध्यम से जनता से अपील की कि वो खादी और स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं और आत्मनिर्भर अभियान का हिस्सा बने।
इस अवसर पर मीडिया को संबोधित करते हुए केवीआईसी अध्यक्ष श्री मनोज कुमार ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने कहा था,” मैं चरखे पर खींचे जाने वाले हर धागे में ईश्वर को देखता हूं।“ पूज्य बापू के इसी ध्येय वाक्य को अपनाते हुए केवीआईसी लगातार ‘चरखा क्रांति’ के माध्यम से गरीब कल्याण का ताना-बाना बुन रहा है। इसी क्रम में विगत 17 सितंबर 2024 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पूज्य बापू के जन्मस्थान पोरबंदर में आयोजित एक कार्यक्रम में चरखे पर सूत कातने वाली कत्तिनों की पारिश्रमिक में 25 प्रतिशत और बुनकरों की पारिश्रमिक में 7 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की गयी थी। ये बढ़ी हुई पारिश्रमिक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिन 2 अक्टूबर 2024 से लागू हो गयी है। उन्होंने आगे कहा कि अभी तक कत्तिनों को प्रति लच्छा 10 रुपये की मजदूरी मिलती थी, जिसे 2.50 रुपये बढ़ाकर 12.50 रुपये कर दिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि उनके कार्यकाल में दूसरी बार कत्तिनों और बुनकर की पारिश्रमिक बढ़ाई गयी है। इससे पहले 1 अप्रैल 2023 को 7.50 रुपये से बढ़ाकर इसे 10 रुपये प्रति लच्छा किया गया था।
केवीआईसी अध्यक्ष श्री मनोज कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खादी क्रांति’ ने कत्तिनों और बुनकरों के जीवन में बड़ा बदलाव किया है। खादी का कारोबार पिछले वित्त वर्ष में 1 लाख 55 हजार करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप इसका लाभ खादी परिवार के कारीगरों तक पहुंचाने के लिए आयोग ने पारिश्रमिक बढ़ाने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि देश भर में करीब 3000 पंजीकृत खादी संस्थाएं हैं जिनके माध्यम से 4.98 खादी कारीगरों को रोजगार मिल रहा है, जिसमें 80 प्रतिशत के करीब महिलाएं है। बढ़ी हुई पारिश्रमिक से इन्हें आर्थिक रूप से नई शक्ति मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि मोदी सरकार के 10 वर्षों के कार्यकाल में अभी तक 213 प्रतिशत के करीब पारिश्रमिक बढ़ाई गयी है, जोकि इस बात का प्रतीक है कि खादी के माध्यम से ग्रामीण भारत आर्थिक रूप से सशक्त हो रहा है।
मीडिया से संवाद के दौरान अध्यक्ष केवीआईसी ने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर नई दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित खादी के फ्लैगशिप शोरूम समेत पूरे देश में विशेष छूट अभियान की शुरुआत की गयी है। ये छूट 2 अक्टूबर से 30 नवंबर 2024 तक चलेगी। इस दौरान खादी उत्पादों पर 20 प्रतिशत और ग्रामोद्योग उत्पादों पर 10 प्रतिशत तक छूट मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद से पिछले 10 वर्षों में दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित खादी भवन ने गांधी जयंती के दिन प्रतिवर्ष बिक्री का नया रिकॉर्ड बनाया है। गांधी जयंती के दिन पिछले तीन वर्षों के बिक्री के आंकड़े देखें तो हर वर्ष गांधी जयंती पर बिक्री ने 1 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार किया है। वित्त वर्ष 2021-22 में जहां खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों की बिक्री 1.01 करोड़ रुपये थी, वहीं 2022-23 में ये बढ़कर 1.34 करोड़ रुपये पहुंच गई, जबकि वित्त वर्ष 2023-24 में बिक्री का आंकड़ा 1.52 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया था। ये सभी आंकड़े इस बात के प्रतीक है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘नये भारत की नयी खादी’ ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेड इन इंडिया’ अभियान की अगुवा बन चुकी है।

कृषि और सुरक्षा के सजग पहरेदार लाल बहादुर शास्त्री* 

0
(विवेक रंजन श्रीवास्तव-विनायक फीचर्स)
2 अक्टूबर को महात्मा गांधी के जन्मदिन के साथ-साथ स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री का भी जन्मदिन है । जब दूसरे भारत पाकिस्तान युद्ध के समय हमें अपनी खाद्य जरूरतों के लिए अमेरिका का मुंह देखना पड़ा तो स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान जय किसान का महत्वपूर्ण नारा दिया था । उन्होंने देश व्यापी उपवास को अपना अस्त्र बनाया । जनता में देश के लिए उत्सर्ग का आचरण प्रदर्शित किया। आम लोगों ने उनके आव्हान पर आगे बढ़कर प्रधानमंत्री सहायता कोष में अपने गहने दान किए । सदैव अपने परिश्रम, कर्तव्य और आचरण से ईमानदारी और सादगी की एक अनुकरणीय मिसाल उन्होंने बनाई । छोटी उम्र में ही उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय रूप से भाग लिया था , और कई लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बने। 
 लाल बहादुर शास्त्री  का जन्म 2 अक्टूबर 1904 को उत्तर प्रदेश के वाराणसी से सात मील दूर एक छोटे से रेलवे टाउन, मुगलसराय में हुआ था। उनके पिता शारदा प्रसाद श्रीवास्तव एक स्कूल शिक्षक थे। जब लाल बहादुर शास्त्री केवल डेढ़ वर्ष के थे तभी उनके पिता का देहांत हो गया था। तब उनकी माँ रामदुलारी देवी अपने तीनों बच्चों के साथ अपने पिता के घर मिर्जापुर जाकर बस गईं। यहीं पर शास्त्री जी का पालन पोषण हुआ और उनकी प्राथमिक शिक्षा शुरू हुई। कहा जाता है कि उस छोटे-से शहर में शास्त्री जी की स्कूली शिक्षा कुछ खास नहीं रही उन्होंने वहाँ काफी विषम परिस्थितियों में शिक्षा हासिल की। वहां उन्हें स्कूल जाने के लिए रोजाना मीलों पैदल चलना और नदी पार करनी पड़ती थी।  बड़े होने के साथ ही शास्त्री जी ब्रिटिश हुकूमत से आजादी के लिए देश के संघर्ष में  रुचि रखने लगे। वे भारत में ब्रिटिश शासन का समर्थन कर रहे भारतीय राजाओं की महात्मा गांधी द्वारा की गई निंदा से अत्यंत प्रभावित हुए थे। शास्त्री जी जब केवल ग्यारह वर्ष के थे तब से ही उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर कुछ करने का मन बना लिया था। शास्त्री जी स्वतंत्रता के पहले आजादी की लड़ाई के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता थे।
वे स्वतंत्रता आंदोलन में बढ़ चढ़ कर भाग लेते थे। आंदोलन के लिए उन्होंने अपनी पढ़ाई से भी समझौता किया। वर्ष 1930 में शास्त्री जी को कांग्रेस कमेटी की स्थानीय इकाई का सचिव बनाया गया था। शास्त्री जी स्वतंत्रता आंदोलन के उन क्रांतिकारी नेताओं में शामिल हैं जिन्हें 1942 में ब्रिटिश गर्वमेंट द्वारा जेल में बंद किया गया था।  देश के आजाद होने के बाद उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। वे आजादी के बाद उत्तर प्रदेश में पुलिस मंत्री भी रहे थे। इसके बाद पंडित जवाहर लाल नेहरू ने उन्हें केंद्र में रेल मंत्री का पद दिया। पर शास्त्री जी के लिए नैतिकता सबसे ऊपर थी , 1956 में हुई एक रेल दुर्घटना के कारण उन्होंने अपना इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वे एक बार फिर 1957 में परिवहन और संचार मंत्री बने। इसके बाद 1961 में वे गृह मंत्री बनाए गए ।
वर्ष 1925 में काशी विद्यापीठ से ग्रेजुएट होने के बाद उन्हें “शास्त्री” की उपाधि दी गई थी। ‘शास्त्री’ शब्द एक ‘विद्वान’ या एक ऐसे व्यक्ति को इंगित करता है। जिसे शास्त्रों का अच्छा ज्ञान हो। काशी विद्यापीठ से ‘शास्त्री’ की उपाधि मिलने के बाद उन्होंने जन्म से चला आ रहा सरनेम ‘श्रीवास्तव’ हमेशा हमेशा के लिये हटा दिया और अपने नाम के आगे ‘शास्त्री’ लगा लिया। इसके पश्चात् शास्त्री शब्द लालबहादुर के नाम का पर्याय ही बन गया। 16 मई 1928 में शास्त्री जी का विवाह मिर्जापुर निवासी गणेशप्रसाद की पुत्री ललिता जी से हुआ। उनके क्रान्तिकारी सामाजिक विचार इसी से समझे जा सकते हैं कि उन्होंने अपनी शादी में दहेज लेने से इनकार कर दिया था।
लेकिन अपने ससुर के बहुत जोर देने पर उन्होंने कुछ मीटर खादी का दहेज लिया था। गांधी जी ने असहयोग आंदोलन में शामिल होने के लिए देशवासियों से एकजुट होने का आह्वान किया था, उस समय शास्त्री जी केवल सोलह वर्ष के थे। उन्होंने महात्मा गांधी के इस आह्वान पर अपनी पढ़ाई छोड़ देने का निर्णय कर लिया था।
वर्ष 1930 में महात्मा गांधी ने नमक कानून को तोड़ते हुए दांडी यात्रा शुरू की। इस प्रतीकात्मक सन्देश ने पूरे देश में एक तरह की क्रांति ला दी। शास्त्री जी विह्वल ऊर्जा के साथ स्वतंत्रता के इस संघर्ष में शामिल हो गए। उन्होंने कई विद्रोही अभियानों का नेतृत्व किया एवं कुल सात वर्षों तक ब्रिटिश जेलों में रहे। आजादी के इस संघर्ष ने उन्हें पूर्णतः परिपक्व बना दिया। स्वतंत्रता संग्राम के जिन जन आन्दोलनों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही उनमें वर्ष 1921 का ‘असहयोग आंदोलन’, वर्ष 1930 का ‘दांडी मार्च’ तथा वर्ष 1942 का ‘भारत छोड़ो आन्दोलन’ महत्वपूर्ण है । लाल बहादुर शास्त्री भारत के दूसरे प्रधानमंत्री थे उससे पहले जब नेहरू जी बीमार थे वे बिना विभाग के मंत्री के रूप में सारा काम देख ही रहे थे । नेहरू जी मृत्यु के 13 दिनों बाद उन्होंने प्रधानमंत्री का पद संभाला।  अन्न संकट के कारण तब देश भुखमरी की स्थिति से गुजर रहा था।
वहीं 1965 में भारत पाकिस्तान युद्ध के दौरान देश आर्थिक संकट से जूझ रहा था। उसी दौरान अमरीकी राष्ट्रपति  ने शास्त्री जी पर दबाव बनाया कि अगर पाकिस्तान के खिलाफ लड़ाई बंद नहीं की गई तो हम गेहूँ के आयात पर प्रतिबंध लगा देंगे। यह वो समय था जब भारत गेहूँ के उत्पादन में आत्मनिर्भर नहीं था इसलिए शास्त्री जी ने देशवासियों को सेना और जवानों का महत्व बताने के लिए ‘जय जवान जय किसान’ का नारा दिया था। इस संकट के काल में शास्त्री जी ने अपनी तनख्वाह लेना भी बंद कर दिया था और देशवासियों से कहा कि हम हफ़्ते में एक दिन का उपवास करेंगे।
पाकिस्तान के साथ वर्ष 1965 का युद्ध खत्म करने के लिए वह समझौता पत्र पर हस्ताक्षर करने के लिए ताशकंद में पाकिस्तान के राष्ट्रपति अयूब खान से मिलने गए थे लेकिन इसके ठीक एक दिन बाद 11 जनवरी 1966 को अचानक खबर आई कि हार्ट अटैक से उनकी मृत्यु हो गई है। हालांकि उनकी मृत्यु पर वर्तमान समय में भी संदेह है। भारत सरकार ने वर्ष 1966 में लाल बहादुर शास्त्री को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’  से सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापन किया था। उनके सिद्धांत आज भी प्रेरक और प्रासंगिक हैं।(विनायक फीचर्स)

पूरे देश में गौ माता को मिले वही सम्‍मान जो महाराष्‍ट्र सरकार ने दिया- बोले प्रयागराज के संत

0

प्रयागराज: महाराष्‍ट्र सरकार ने गाय को अपने प्रदेश में राज्‍य माता का दर्जा दिया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रयागराज के योगाचार्य अयोध्‍या प्रसाद शास्‍त्री ने कहा, यह प्रसन्‍नता की बात है कि महाराष्‍ट्र सरकार ने गाय को राज्‍य माता का दर्जा दिया है। बाकी प्रदेशों में और पूरे राष्‍ट्र में इसका प्रसार और प्रचार होना चाहिए। गऊ माता के पंचगव्‍य के कारण पत्‍थर में रहने वाले देवता बदल जाता है .

गौ माता को राष्ट्रीय गौमाता घोषित करो अभियान जोर-शोर से चला रखा है

0

राजस्थान: सर्व समाज जागृति संघ (रजि) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश चंद शर्मा द्वारा पूज्य गौ माता को राष्ट्रीय गौमाता घोषित करो की मांग माननीय प्रधानमंत्री भारत सरकार से की है जिसके अंतर्गत जयपुर जिला के आस-पास के गांवों में निशुल्क सहमति पत्र अभियान जोर-शोर से चला रखा है।सर्व समाज अध्यक्ष सुरेश चंद शर्मा ने बताया कि जो भी गौ प्रेमी गौमाता को राष्ट्रीय गौमाता घोषित कराना चाहता है, वह अपना नाम पता हस्ताक्षर युक्त करके कार्यालय में जमा कर दे।

आज दिनांक 30 अक्टूबर 2024 को श्री श्री 108 श्री बाबा लाल मणि त्यागी,मां भगवती आश्रम एवं गौ संवर्धन केंद्र गोविंदगढ़ जिला जयपुर को सम्मानित करते हुए उनका आशीर्वाद लिया। महाराज ने अपने विचार प्रकट किये कि आप बहुत अच्छा कार्य कर रहे हो, इस अवसर पर ब्राह्मण समाज के जिला अध्यक्ष भुवनेश तिवाड़ी,बनवारी लाल शर्मा,  सत्य प्रकाश पारीक रमेश चंद्र गोयंका मौजूद रहे।