मुंबई: महाराष्ट्र में मॉनसून का इंतजार कर रहे लोगों के ल‍िए अच्‍छी खबर है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि महाराष्ट्र में रुका मॉनसून जल्द ही रफ्तार पकड़ेगा। मॉनसूनी हवाओं के आगे बढ़ने के लिए वर्तमान में अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं। जैसे-जैसे चक्रवात आगे बढ़ा है, मॉनसून का रास्ता साफ हो गया है। इसके चलते मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले तीन दिनों में मॉनसून प्रदेश में प्रवेश करेगा। मौसम विभाग के मुंबई और नागपुर केंद्रों ने इस संबंध में जानकारी दी है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पुणे विभाग के प्रमुख केएस होसलीकर ने इस संबंध में ट्वीट भी किया है। इसमें उन्होंने लिखा है कि 23 जून से कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है जबकि 24-25 जून से बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है। इस बीच मौसम विभाग ने मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है।

25 जून के बाद हर जगह अच्छी बारिश की संभावना
इस बीच मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक मराठवाड़ा और विदर्भ में 22 से 23 जून के बाद बारिश शुरू होने की प्रबल संभावना है। दिलचस्प बात यह है कि 25 जून के बाद हर जगह अच्छी बारिश की संभावना है। दरअसल, बारिश के देर से आने से बुवाई में दिक्‍कत आई है। लेकिन अब जून के आखिरी सप्ताह तक हर जगह मॉनसून प्रवेश कर जाएगा।

इन जगहों पर गर्मी का येलो अलर्ट जारी
इसके अलावा मौसम विभाग ने आज नासिक, अहमदनगर, सतारा, सांगली, बीड, सोलापुर, लातूर, नांदेड़, जालना, बुलढाणा जिलों में बार‍िश की संभावना जताई है जबकि गढ़चिरौली, यवतमाल, अमरावती, वाशिम और चंद्रपुर के शहरवासियों को गर्मी झेलनी पड़ेगी। इन जगहों पर मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Previous articleमहाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में गौ तस्कर ने की गोरक्षक एक की हत्या चार लोग गंभीर रूप से घायल
Next articleआदिपुरुष फिल्म के संवाद में हुआ बदलाव, पढ़ें अब नया डायलॉग!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here