इतिहास में पहली बार जैन आचार्य लोकेशजी द्वारा राम कथा का आयोजन प्रेरक घटना- विधानसभा अध्यक्ष
भारत मंडपम में 17 से 25 जनवरी 2026 को होगा मोरारी बापू रामकथा का आयोजन – आचार्य लोकेश
नई दिल्ली, 27 दिसंबर 2025: दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष श्री विजेंद्र गुप्ता, अहिंसा विश्व भारती एवं विश्व शांति केंद्र के संस्थापक जैन आचार्य लोकेश जी ने दिल्ली में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए नव वर्ष 2026 के शुभारंभ पर होने वाली मोरारी बापू रामकथा के बारे में विस्तृत जानकारी दी |
विधानसभा अध्यक्ष श्री विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि भारत की राजधानी दिल्ली एनसीआर में एक अत्यंत प्रेरणादायी एवं सकारात्मक घटना घटित होने जा रही है | इतिहास में यह पहला अवसर होगा कि जैन आचार्य लोकेश जी द्वारा रामकथा का आयोजन भारत मंडपम नई दिल्ली में किया जा रहा है | रामकथा के मर्मज्ञ अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पूज्य मोरारी बापू विश्व शांति मिशन के लिए नौ दिन राम कथा करेंगे |
विधानसभा अध्यक्ष गुप्ता ने कहा कि प्रभु श्रीराम भारत की आत्मा है, भारत की अस्मिता के प्रतीक हैं, वे कोटि कोटि लोगों की आस्था के केंद्र है, उनका जीवन हम सबको प्रेरणा देता है उनके जीवन में चरित्र निष्ठा, अनुशासन, मर्यादा, संयम, त्याग, बड़ों का सम्मान, नारी शक्ति का आदर, आदि आदि गुण उनके जीवन चरित्र में मिलते हैं मैं समझता हूँ नौ दिन की रामकथा से हमारे दिल्ली को और यहाँ की जनता को और खासकर हमारी युवा पीढ़ी को भावी पीढ़ी को संस्कार निर्माण चरित्र निर्माण, व्यक्तित्व निर्माण में सहायक बनेगा| भारत की राजधानी दिल्ली के अति प्रतिष्ठित भारत मंडपम के सभागार आयोजित नौ दिवसीय रामकथा के माध्यम से वसुधैव कुटुंबकम, करुणा, शांति, सद्भावना, प्रेम, मानवता का संदेश समस्त विश्व में प्रसारित होगा और विश्व शांति स्थापित करने की दिशा में ऐतिहासिक होगा|
जैन आचार्य लोकेश जी ने बताया कि राम कथा आयोजन समिति के अध्यक्ष भारत के पूर्व राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविन्द जी है तथा मुख्य संरक्षक दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष श्री विजेंद्र गुप्ता है| उन्होंने बताया कि मोरारी बापू ने अहिंसा विश्व भारती द्वारा स्थापित विश्व शांति केंद्र के उद्घाटन के अवसर पर विश्व शांति मिशन के लिए दिल्ली में नौ दिवसीय रामकथा की घोषणा की थी, जो नव वर्ष 2026 के शुभारंभ के साथ आयोजित हो रही है | रामकथा का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को विश्व शांति मिशन के साथ जोड़ना है | इस दौरान भगवान राम के जीवन चरित्र और भगवान महावीर के संदेश के माध्यम से विश्व शांति, समाज कल्याण और व्यक्ति निर्माण के विभिन्न पहलुओं पर गहन जानकारी दी जाएगी |
रामकथा आयोजन समिति की ओर से श्री प्रदीप जिंदल, डॉ आलोक ड्रोलिया ने बताया कि जैन आचार्य लोकेश जी के सान्निध्य में रामकथा का आयोजन अहिंसा विश्व भारती द्वारा किया जा है| भारत की राजधानी दिल्ली के प्रतिष्ठित स्थान ‘भारत मंडपम’ प्रगति मैदान नई दिल्ली के मल्टी पर्पस हॉल में 17 से 25 जनवरी 2026 तक अहिंसा विश्व भारती संस्था द्वारा किया जा रहा है | नौ दिवसीय राम कथा का शुभारंभ दिनांक 17 जनवरी 2026 को सायं 4 बजे होगा | 18 जनवरी से 25 जनवरी तक कथा का समय प्रात: 10 से 1 बजे तक रहेगा | राम कथा का श्रवण करने भारत के प्रधानमंत्री, केन्द्रीय मंत्रियों, विभिन्न प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों, विश्व विख्यात आध्यात्मिक गुरुओं, उदयतोंगपतियों, शिक्षाविद, समाज सेवियों, विचारकों आदि को आमंत्रित किया गया है| इस अवसर पर अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, आस्ट्रेलिया, सिंगापुर, यूईए आदि देशों सहित भारत के विभिन्न प्रांतों से कथा श्रवण के लिए श्रद्धालु आ रहे है | इससे सांस्कृतिक मूल्यों के आदान प्रदान के साथ टूरिज़्म आदि को भी प्रोत्साहन मिलता है| प्रतिदिन करीब 4000 श्रद्धालु देश विदेश से राम कथा का श्रवण करने आएंगे |









