Gau Seva Dham Hospital: गौ सेवा धाम होडल जिला पलवल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगामी गोपाष्टमी एवं अक्षत महोत्सव 2025 के कार्यक्रम की रूपरेखा की घोषणा की गई। यह आयोजन 29 अक्टूबर 2025 को देवी चित्रलेखा की देख-रेख में तथा पूज्य श्री धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर धाम सरकार) के दिव्य सान्निध्य में संपन्न होगा। प्रेस वार्ता में गौ सेवा धाम हॉस्पिटल की संचालिका देवी चित्रलेखा  ने बताया कि इस बार का महोत्सव गौ सेवा, सनातन एकता और जनसेवा का अद्भुत संगम होगा।

मुख्य आकर्षण एवं कार्यक्रम की विशेषताएं: कार्यक्रम का आयोजन गौ सेवा धाम हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, एनएच-2, होडल परिसर में किया जाएगा। कार्यक्रम का समय सुबह 9 बजे दोपहर 2:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। महोत्सव के दौरान गौ महाभोज का आयोजन होगा, जिसमें हजारों गायों के साथ आसपास की गौशालाएं भी लाभान्वित होंगी। गौ सेवा धाम परिसर में पंचगव्य उत्पादों जैसे धूप, साबुन, औषधि, अर्क और जैविक सामग्री के निर्माण की झलक भी दर्शकों को दिखाई जाएगी।

भक्तों एवं आगंतुकों के लिए गाय के घी से बने प्रसाद का वितरण किया जाएगा। आयोजन में विभिन्न समाजों, संतों, महंतों और सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। इस बार कार्यक्रम को पर्यावरण-सुरक्षित एवं प्लास्टिक मुक्त आयोजन के रूप में आयोजित किया जाएगा।

गौ सेवा धाम के कार्य एवं प्रगति: गौ सेवा धाम हॉस्पिटल में अब तक हजारों गौवंशों का उपचार, पुनर्वास और देखभाल की जा चुकी है। देवी जी ने बताया कि पिछली गोपाष्टमी पर माननीय मुख्यमंत्री द्वारा जिस 8 मंजिला गौ हॉस्पिटल बिल्डिंग का भूमि पूजन किया गया था, उसका निर्माण कार्य तेज़ी से प्रगति पर है। निकट भविष्य में यहां आधुनिक पशु चिकित्सा अनुसंधान केंद्र, आयुर्वेदिक पंचगव्य उत्पाद इकाई तथा गौ आधारित स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

आगामी योजनाएं: पूज्य श्री धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा नवंबर 2025 में सनातन हिंदू एकता पदयात्रा (दिल्ली से वृंदावन) प्रारंभ की जाएगी, जो सनातन संस्कृति, धर्म और गौ संरक्षण का सशक्त संदेश देगी। ट्रस्ट युवाओं, महिला मंडलों और स्वयंसेवी संगठनों को भी इस मिशन से जोड़ने की दिशा में कार्यरत है।

गौ सेवा धाम का संदेश: गौ ही धर्म, गौ ही संस्कृति और गौ ही जीवन की आधारशिला है।

प्रेस वार्ता में मौजूद रहे होडल के विधायक हरेंद्र रामरतन ने गौ सेवा धाम परिवार की तरफ से सभी समाजसेवियों, संतों और श्रद्धालुओं से 29 अक्टूबर को होडल पहुंचने और महोत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया।

Previous articleशिवराज सिंह चौहान ने कृषि छात्रों से किया संवाद
Next articleपुष्कर मेले में – जयपुर के युवा पशुपालक की स्टॉल आकर्षण का केंद्र

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here