26 दिसंबर 2025, छिन्दवाड़ा: रीवा में प्राकृतिक खेती एवं गौ-पालन किसान सम्मेलन आयोजित – केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामय उपस्थिति में रीवा में आज प्राकृतिक खेती एवं गौ-पालन पर आधारित किसान सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस किसान सम्मेलन का लाइव प्रसारण छिंदवाड़ा जिले में किसानों द्वारा देखा और सुना गया। जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।
वहीं कलेक्टर कार्यालय छिंदवाड़ा के सभाकक्ष में भी कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, उद्यानिकी विभाग एवं अन्य अधिकारियों द्वारा भी किसान सम्मेलन का लाइव प्रसारण देखा व सुना गया। लाइव प्रसारण के दौरान अतिथियों ने किसानों को संबोधित करते हुए प्राकृतिक खेती को अपनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से उत्पादन लागत में कमी आती है, मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है तथा पर्यावरण संरक्षण के साथ किसानों की आय में वृद्धि संभव होती है। साथ ही गौ-पालन को प्राकृतिक खेती का अभिन्न अंग बताते हुए इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को गौ-आधारित खेती, जैविक आदानों के उपयोग तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। अधिकारियों एवं कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने भी प्राकृतिक खेती एवं गौ-पालन की विभिन्न तकनीकों पर प्रकाश डाला। जिले के किसानों ने कार्यक्रम में दी गई जानकारियों में गहरी रुचि दिखाई और प्राकृतिक खेती एवं गौ-पालन को अपनाने के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की।








