गोपाष्टमी का त्यौहार गाय माता के प्रति हमारी श्रद्धा और सम्मान को दर्शाता है क्योंकि हिंदू धर्म में गाय को ‘गौ माता’ कहा जाता है और उसमें 33 कोटि देवी-देवताओं का वास माना जाता है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाए जाने वाले इस पर्व के दिन भगवान श्री कृष्ण ने पहली बार गौ-चारण लीला शुरू की थी। इसलिए इस पवित्र दिन पर गायों की सेवा और उन्हें कुछ खास चीजें खिलाना अत्यंत शुभ माना जाता है। मान्यता है कि ऐसा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है, सभी देवी-देवताओं का आशीर्वाद मिलता है और जीवन से दरिद्रता दूर होती है। गोपाष्टमी के अवसर पर गौ माता को विशेष रूप से खिलाने वाली ये 5 चीजें आपके जीवन में सकारात्मकता और शुभता ला सकती हैं। आइये जानते हैं इस बारे में वृंदावन के ज्योतिषाचार्य राधाकांत वत्स से।
गोपाष्टमी के दिन गाय को क्या खिलाएं?
गाय को हरा चारा, खासकर हरी मटर खिलाना सबसे उत्तम माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि गाय को हरा चारा खिलाने से बुध ग्रह मजबूत होता है जिससे बुद्धि, व्यापार और वाणी में वृद्धि होती है। यह बच्चों के जीवन में खुशहाली और तरक्की सुनिश्चित करने के लिए भी एक अच्छा उपाय है।गोपाष्टमी के दिन गाय को गुड़ खिलाने का विशेष महत्व है। गुड़ खिलाने से सूर्य देव की कृपा प्राप्त होती है, जिससे व्यक्ति को समाज में यश, मान-सम्मान और प्रसिद्धि मिलती है। यह आपकी किस्मत को चमकाने और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा लाने में भी मदद करता है।
गौ माता को रोटी, विशेषकर घी लगी रोटी या उबले हुए चावल में मीठा मिलाकर खिलाने से घर में धन की देवी मां लक्ष्मी और भगवान विष्णु प्रसन्न होते हैं। यह उपाय आपके परिवार में सुख-समृद्धि और खुशहाली लाता है और पारिवारिक समस्याओं को दूर करने में सहायक होता है।
अगर आप अपने धन में वृद्धि चाहते हैं, तो 1 साबुत हल्दी और 5 सफेद कौड़ियों को गाय के माथे से छूकर अपने घर के पूजा स्थान या तिजोरी में रख लें। हालांकि, कौड़ी सीधे खिलाई नहीं जाती बल्कि उसे छूकर गाय माता का आशीर्वाद लिया जाता है।
गोपाष्टमी के दिन गौ माता की पूजा के बाद उन्हें पंचामृत अर्पित करना या पंचामृत से बनी किसी चीज का भोग लगाना शुभ माना जाता है। यह उपाय सभी तरह के पापों से मुक्ति दिलाता है और आपके मन तथा शरीर को पवित्र करता है।








