संजीव जाट की रिपोर्ट
Strange Tradition : भारत देश अपने त्योहारों के साथ-साथ उनसे जुड़ी परंपराओं के लिए भी दुनियाभर में अपनी एक खास पहचान रखता है। बात करें हालिया देश के सबसे बड़े त्योहार दीपावली की तो इसे भी देशभर में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया है। दीपों के इस त्योहार से जुड़ी अलग-अलग इलाकों की अलग-अलग परम्पराएं है। एक ऐसी ही अनोखी परम्परा मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के अंतर्गत आने वाली बदरवास तहसील के ग्राम खैराई में दीपावली के अगले दिन मनाई जाती है।
यहां ग्रामीणों की पूरे साल में कभी भी मन्नत पूरी होती है तो वो दीपावली के अगले दिन यहां के लोग गाय की पूजा करते हैं। यही नहीं, पूजा के बाद परम्परा के नाम पर वो उन पूजी जाने वाली गायों को अपने ऊपर से भी गुजारते हैं। इस अनोखी परम्परा को ‘गौ-गाय पर्व’ के रूप में मनाया जाता है।
दरअसल, शिवपुरी जिले के बदरवास विकास खंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम खैराई में बीते सवा सौ साल से ये परम्परा मनाई जाती आ रही है। इस अनोखी और रोमांचित कर देने वाली परम्परा को स्थानीय ग्रामीणों ने इस बार भी बड़े हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया। मंगलवार को सबसे पहले ग्रामीणों ने गाय की पूजा अर्चना कर पर्व मनाया। इसके बाद गांव के वो लोग एक मार्ग पर इकट्ठे हुए। इनमें वो लोग एक स्थान पर आ गए, जिनकी सालभर में मांगी गई कोई मन्नत पूरी हुई है। ये लोग संबंधित मार्ग पर में लेट गए। इसके बाद उस सड़क से दर्जनों की संख्या में गायें दौड़ते हुए गुजरी और मार्ग पर लेटे लोगों के ऊपर से गुजर गईं। खास बात ये है कि, ये पूरा घटनाक्रम इतना हैरतंगेज होता है कि, कुछ देर के लिए मन्नत मांगने वालों से लेकर उन्हें देखने वालों तक की सांसें थम जाती हैं।